
हड़ताल खत्म, सामान्य हुआ जनजीवन
रतलाम. वाहन चालकों की हड़ताल खत्म होने के बाद जनजीवन सामान्य हो गया है। हालांकि कुछ पेट्रोल पंपों पर रात में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई नहीं होने सुबह इनसे वाहन चालकों को खाली हाथ लौटना पड़ा। दोपहर में लगभग सभी पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता होने के बाद स्थिति बिलकुल सामान्य हो गई।
देर रात तक भरे टैंकर
जिला प्रशासन के निर्देश के बाद बांगरोद स्थित आईओसी टर्मिनल से देर रात तक टैंकर फिलिंग का काम चलता रहा। रात 1 हजे तक पेट्रोल पंपों पर टैंकर जाते रहे। इनके साथ पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। रात एक बजे बाद टैंकरों को भरना बंद होने के बाद बुधवार की सुबह फिर से टैंकर भरने लगे और दोपहर तक सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त ईंधन उपलब्ध हो चुका था। पिछले दो दिनों की तरह कोई भीड़ नजर नहीं आई।
बसें भी चली और ट्रक भी
हिट एंड रन कानून के विरोध में हड़ताल पर उतरे बस चालक और परिचालकों ने बुधवार की सुबह से बस स्टैंडों पर अपने-अपने परमिट के समय के हिसाब से बसें लगा दी थी। दूसरी तरफ ट्रक, लोडिंग वाहन और अन्य चालक भी काम पर लौट आए। हड़ताल की वजह से बसें नहीं मिलने के डर से कम ही यात्री बस स्टैंडों तक पहुंचे।
--सभी बसें समय पर चली
बीती रात ही हड़ताल खत्म होने के बाद बुधवार से सभी बसों के चालक और परिचालक काम पर लौट आए हैं। सभी बसें समय पर चलाई गई।विलियम डेनियल, अध्यक्ष परिवहन कर्मचारी संघ, रतलाम
Published on:
3 Jan 2024, 11:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.