
दिल्ली में नमाजियों पर कार चलाने वाले गिरफ्तार, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ईद के दिन नमाज के दौरान तेज रफ्तार कार के कहर मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने नमाजियों को टक्कर माने वाली होंडा सिटी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यही नहीं इस मामले में पुलिस ने एक बड़ा खुलासा भी किया है। आपको बता दें कि बुधवार को इस बेकाबू कार की चपेट में आने से तीन लोगों को चोटें आईं थी।
जगतपुरी स्थित खुरेजी इलाके में नमाज के दौरान तेज रफ्तार होंडा सिटी कार चलाने वाले जिस आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उसकी पहचान शाहरुख के रूप में हुई। हादसे के बाद शाहरुख कार को आनंद विहार इलाके में छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने कार उसी इलाके से बरामद कर ली है।
ये हुआ अहम खुलासा
हादसे की जांच में जुटी दिल्ली पुलिस के मुताबिक नमाजियों के बीच खतरनाक ढंग से दौड़ने वाली होंडा सिटी कार दरअसल चोरी की थी। शाहरुख ने यह कार पिछले हफ्ते मधु विहार इलाके से चुराई थी। जांच से जुड़े वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की मानें तो कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच में पता चला है कि होंडा सिटी कार 30 मई को मधु विहार इलाके से चुराई गई थी और इसकी रिपोर्ट पुलिस में दर्ज है।
कार चलाने की थी ये बड़ी वजह
ईद के त्योहार पर हुए हादसे को लेकर पुलिस ने जो थ्योरी बताई उसके मुताबिक शाहरुख ने 30 मई को जो कार चोरी की थी, उसको लेकर पकड़ा ना जाए इसलिए उसने कार तेज भगाई। तेज कार दौड़ाने के चक्कर में ही कई नमाजी इसकी चपेट में आ गए।
ये था पूरा मामला
देशभर में 5 जून को ईद का त्योहार मनाया जा रहा था। राजधानी में भी मुस्लिम समुदाय के लोग त्योहार को धूमधाम से मना रहे थे। सुबह करीब साढ़े 9 बजे एक तेज रफ्तार कार आई और नमाज पड़ रहे कुछ नमाजियों को अपनी चपेट में ले लिया। बस ये खबर जैसे ही फैली हर तरफ अफरा तफरी मच गई। गुस्साए नमाजियों ने बसों पर पथराव कर दिया और देखते ही देखते माहौल गर्मा गया।
इस घटना के बाद इलाके में अफवाह फैला दी गई कि कार ने 17 लोगों को कुचल दिया है। यह सुनकर नमाजी आक्रोशित हो गए और डीटीसी बस व अन्य वाहनों पर पथराव कर उन्हें क्षतिग्रस्त कर दिया। जिला पुलिस उपायुक्त मेघना यादव व संयुक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति पर काबू पाया। बहरहाल पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ भी की जा रही है।
Published on:
06 Jun 2019 04:05 pm
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
