
दीप सिद्धू को ले जाते दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल के सदस्य
नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली स्थित लाल किले पर हुए बवाल मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम ने मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया है। दीप सिद्धू (Deep Sidhu) को दिल्ली पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है।
खास बात यह है कि पंजाबी गायक सिद्धू को पुलिस मंगलवार को 4.30 बजे तीस हजारी कोर्ट में पेश करेगी। कोर्ट में पेशी के बाद क्राइम ब्रांच को सौंप देगी। दिल्ली पुलिस ने बताया कि आकिर किस तरह घटना के 14 दिन बाद दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सिद्धू को हरियाणा स्थित करनाल से सोमवार रात 10.30 बजे पकड़ा। इस दौरान वह किसी से मिलने जा रहा था।
दिल्ली पुलिस पीआरओ चिन्मय बिस्वाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने 26 जनवरी को लाल किले और दिल्ली के अन्य हिस्सों में हिंसा के मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को गिरफ्तार किया है।
उसकी तस्वीरें सार्वजनिक हो गई हैं। हमने उसकी गिरफ्तारी पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। आगे की जांच चल रही है।
आपको बता दें कि केन्द्र के तीन नए कृषि कानूनों को वापस लेने की किसान संगठनों की मांग के समर्थन में 26 जनवरी को किसानों ने ‘ट्रैक्टर परेड’ निकाली थी और इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच झड़पें हुई थीं।
इस दौरान बहुत से प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर चलाते हुए लाल किले तक पहुंच गए थे और उन्होंने वहां एक ध्वजस्तंभ में धार्मिक झंडा लगा दिया था।
Published on:
09 Feb 2021 02:33 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
