19 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

‘रशियन’ लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट, मीठी बातें और फिर कस्टम की एंट्री! नालासोपारा के 56 साल के शख्स से 7.38 लाख की ठगी

Facebook Friend Scam: महाराष्ट्र के नालासोपारा में 56 वर्षीय व्यक्ति को सोशल मीडिया पर रूसी महिला बनकर ठगों ने अपना शिकार बनाया। दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम में फंसे होने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
3 min read
Google source verification

मुंबई

image

Dinesh Dubey

Jul 19, 2026

Maharashtra Cyber crime

फेसबुक पर 'रशियन' फ्रेंड की मीठी बातें पड़ीं भारी, 7.38 लाख की ठगी (AI Image)

Maharashtra Cyber Fraud: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना एक 56 वर्षीय व्यक्ति को भारी पड़ गया। महाराष्ट्र के नालासोपारा शहर में रहने वाले शख्स को फेसबुक पर खुद को रशियन महिला बताने वाली एक साइबर ठग ने अपने जाल में फंसाकर 7 लाख 38 हजार रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम अधिकारियों द्वारा रोके जाने का बहाना बनाकर मदद मांगी और झूठी कहानी सुनाकर लाखों रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।

पीड़ित की शिकायत पर वालीव पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब साइबर पुलिस की मदद से पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।

मीठी-मीठी बातों से पहले जीता भरोसा

पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी को पीड़ित अपने काम में व्यस्त थे, तभी उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर एक अज्ञात महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातचीत शुरू होने के बाद महिला ने मीठी-मीठी बातें कर उनका भरोसा जीत लिया। कुछ दिनों बाद उसने खुद को रूस की रहने वाली बताया और दावा किया कि वह भारत आ चुकी है।

इसके बाद महिला ने कहा कि वह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची है, लेकिन उसके पास मौजूद कीमती सामान और जरूरी दस्तावेजों के कारण कस्टम विभाग ने उसे रोक लिया है।

कस्टम से छुड़ाने के नाम पर मांगे पैसे

महिला ने पीड़ित से कहा कि अगर तुरंत पैसे नहीं मिले तो वह बड़ी मुसीबत में फंस जाएगी। उसने भरोसा दिलाया कि कस्टम से बाहर निकलते ही वह पूरी रकम वापस लौटा देगी।

महिला की बातों पर विश्वास कर पीड़ित ने उसके बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7.38 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

पैसे मिलते ही हुई रफूचक्कर

जैसे ही बैंक खातों में रकम पहुंची, महिला ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और सोशल मीडिया अकाउंट भी डिलीट कर दिए। काफी कोशिशों के बाद भी जब उससे संपर्क नहीं हो सका, तब पीड़ित को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने वालीव पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

साइबर पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां उन बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की पड़ताल कर रही हैं, जिनके जरिए रकम ट्रांसफर की गई थी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और किसी भी तरह की शंका होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

ठगी की रकम में महाराष्ट्र सबसे आगे, 6 महीने में इतने करोड़ की चपत

देश में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इस साल 1 जनवरी से 30 जून के बीच पूरे देश में 12.71 लाख से अधिक साइबर फ्रॉड की शिकायतें मिलीं। इनमें पीड़ितों से 10,178 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की गई। राज्यवार आंकड़ों में उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा शिकायतों के साथ पहले स्थान पर है, जबकि महाराष्ट्र में साइबर ठगी से सबसे अधिक 1,637.66 करोड़ रुपये का नुकसान दर्ज किया गया।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल 30 जून तक उत्तर प्रदेश में 1.85 लाख ऑनलाइन ठगी की शिकायतें दर्ज की गईं, जो देश में सबसे अधिक हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 1.58 लाख, कर्नाटक में 1.21 लाख, गुजरात में 97,937 और बिहार में 93,137 शिकायतें दर्ज हुईं। आंकड़ों के अनुसार, 2021 से मई 2026 के बीच देश भर में लोगों ने 64,447 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं।

बड़ी खबरें

View All

क्राइम

ट्रेंडिंग