
Pune Hit And Run Case : महाराष्ट्र के पुणे जिले में हिट एंड रन की दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हुआ है। रविवार रात और सोमवार तड़के के बीच चार घंटे के भीतर पुणे के बोपोडी (Bopodi) और पिंपल सौदागर (Pimple Saudagar) इलाकों में यह हादसे हुए है। पुणे पुलिस ने बोपोडी हिट-एंड-रन मामले में कार के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है और कार भी जब्त की है।
पुणे शहर के बोपोडी इलाके में बीती रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो बीट मार्शलों को टक्कर मार दी, जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुणे पुलिस के अनुसार, हिट-एंड-रन मामले में 42 वर्षीय कांस्टेबल समाधान कोली की मौत हो गई और 36 वर्षीय संजोग शिंदे गंभीर रूप से घायल हो गए। शिंदे का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों पुलिसकर्मी खड़की पुलिस स्टेशन के है और हादसे के समय गश्त ड्यूटी पर थे। अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना सोमवार देर रात करीब 1.30 बजे बोपोडी अंडरपास पर हुई।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रवीण पाटिल ने कहा कि दोनों कांस्टेबल रात में पेट्रोलिंग कर रहे थे, तभी बोपोडी अंडरपास के पास उनकी बाइक को वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद कांस्टेबल कोली ने दम तोड़ दिया और कांस्टेबल शिंदे की हालत गंभीर है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाएगा।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कार के चालक की पहचान 24 वर्षीय सिद्धार्थ राजू केंगर उर्फ गोट्या (Siddharth Raju Kengar) के रूप में हुई है। उसे पकड़ लिया गया है और कार जब्त कर ली गई है। आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया गया और ससून अस्पताल में मेडिकल जांच करवाई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दूसरी दुर्घटना रविवार रात करीब 10.30 बजे पुणे के पिंपल सौदागर इलाके में हुई। जहां एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से 48 वर्षीय पुलिस कांस्टेबल सचिन विष्णु माने की मौत हो गई। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
सांगवी पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि कांस्टेबल माने वर्तमान में ड्राइवर के रूप में सीआईडी में तैनात थे। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह अस्पताल में किसी से मिलने के बाद घर लौट रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. उस वाहन की पहचान करने के प्रयास जारी है।
Published on:
08 Jul 2024 02:37 pm
बड़ी खबरें
View Allक्राइम
ट्रेंडिंग
