
पंजाब: जालंधर-लुधियाना के बीच स्थित फिल्लौर में भीषण सड़क हादसा, तीन की मौत
जालंधर। पंजाब के जालंधर-लुधियाना के बीच स्थित फिल्लौर से शुक्रवार को एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल फिल्लौर में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी मृतक लुधियाना के हैं। दरअसल जालंधर-लुधियाना के बीच स्थित फिल्लौर में गलत दिशा से आ रही सवारियों से भरी निजी कंपनी की एक बस बजरी से भरे ट्रक के साथ टकरा गई। जिससे मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
कैसे हुआ यह हादसा
आपको बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जालंधर से लुधियाना जा रही गगनदीप कंपनी की बस फिल्लौर के पास परदेशी ढाबे के सामने बजरी से भरे ट्रक से जा टकराई। बस गलत दिशा की ओर से आ रही थी। हादसा इतना भीषण था बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। बस में सवार लुधियाना की काकोवाल रोड के रहने वाले गोपाल कृष्ण उर्फ बोबी और उनकी पत्नी अर्पणा बांसल व लुधियाना जमालपुर के रहने वाले दर्शन लाल की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इनकी पहचान जालंधर के गांव बड़िंगा निवासी अमनजीत कौर व जालंधर की मिठ्टापुर निवासी चरणजीत कौर पत्नी प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। इस घटना के बाद बस का ड्राइवर और कंडक्टर जख्मी लोगों को बचाने के बजाए मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ज्यादा सवारी बैठाने की चाहत में ड्राइवर बस को गलत दिशा में ले जा रहा था तभी यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद जख्मी सवारियों को बचाने के बजाय बस ड्राइवर और कंडक्टर बस को छोड़कर भाग गए। हादसा बस ड्राइवर की गलती से हुआ बताया जा रहा है, क्योंकि जिस समय हादसा हुआ उस समय ड्राइवर अधिक सवारियों बैठाने के चक्कर में बस को गलत दिशा में ले जा रहा था। हालांकि अब पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई के लिए जांच कर रही है।
Updated on:
12 Oct 2018, 3:53 PM IST
Published on:
12 Oct 2018, 3:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.