
मिर्धा कॉलेज की दीवार तोड़कर अंदर घुसा ट्रक
नागौर. शहर में नो-एंट्री नियमों की अनदेखी और यातायात व्यवस्था की ढिलाई के कारण शहर में घुस आए ट्रक चालक ने यातायात पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर बी.आर. मिर्धा कॉलेज परिसर में घुस गया। चालक ने ट्रक से कॉलेज की चारदीवारी तोड़ दी और मुख्य प्रवेश द्वार को भी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
कोतवाली पुलिस के अनुसार हरियाणा के फतेहाबाद निवासी ट्रक चालक विकास कुमार ट्रक लेकर अहमदाबाद की ओर जा रहा था। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक होने के बावजूद चालक नो-एंट्री जोन में घुस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक तेज गति में था और नियंत्रण खोने के बाद कॉलेज के बाहर खड़ी दो-तीन मोटरसाइकिलों को रौंदते हुए सीधे दीवार तोडकऱ अंदर जा घुसा। घटना के बाद ट्रक मौके पर ही फंसा रहा, क्योंकि टक्कर के दौरान उसकी स्टेयरिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसलिए पुलिस उसे जब्त कर थाने नहीं ले जा सकी।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस हादसे में संस्थान को भारी नुकसान हुआ है। प्राचार्य डॉ. हरसुखराम छरंग ने बताया कि ट्रक की टक्कर से कॉलेज की चारदीवारी के साथ दानदाता का बनाया मुख्य प्रवेश द्वार भी क्षतिग्रस्त हो गया। साथ ही विद्यार्थियों के आवागमन के लिए बना छोटा गेट पूरी तरह टूट गया है। दीवार और गेट की मरम्मत पर अच्छा-खासा खर्च आएगा। इस संबंध में कोतवाली थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
टला बड़ा हादसा
गौरतलब है कि इन दिनों कॉलेज में परीक्षाएं चल रही हैं और रोजाना दो से तीन हजार विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचते हैं। हालांकि बुधवार को परीक्षा अपेक्षाकृत छोटी होने के कारण विद्यार्थियों की संख्या कम थी। यदि सामान्य दिनों की तरह गेट के बाहर भीड़ होती, तो यह हादसा बड़ा रूप ले सकता था।
यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने शहर की यातायात व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यातायात थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि चालक नशे में था और पुलिसकर्मियों ने उसे शहर में प्रवेश के दौरान रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन वह जबरन वाहन लेकर अंदर घुस गया। उन्होंने कहा कि नो-एंट्री जोन में भारी वाहनों की रोकथाम के लिए पुलिस तैनात रहती है, बावजूद इसके इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। स्थानीय लोगों के साथ विद्यार्थियों ने पुलिस एवं प्रशासन से मांग की है कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पत्रिका ने चेताया था
शहर में सुबह 8 से रात 8 बजे तक भारी वाहनों की एंट्री बंद होने के बावजूद पालना नहीं हो रही है। आए दिन भारी वाहन शहर में घुस आते हैं, लेकिन यातायात पुलिस इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही है। इसको लेकर राजस्थान पत्रिका ने गत 24 फरवरी को ‘नो एंट्री जोन बना वाहनों का फ्री जोन, पुलिस बेखबर’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर जिम्मेदारों का ध्यान आकृष्ट किया था, इसके बावजूद सुधार नहीं हुआ। बुधवार को गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा जिम्मेदारों से जवाब देते नहीं बनता।
Updated on:
26 Mar 2026 11:28 am
Published on:
26 Mar 2026 11:27 am
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
