मुरैना के 5 रंगबाज दबोचे, एक पकड़ से बाहर
ग्वालियर। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्नसिंह तोमर के छोटे भाई सत्येन्द्र तोमर को शुक्रवार रात नशेबाजों ने कार से कुचल कर मारने की कोशिश की। यह लोग दो कार से आए थे। सभी नशे में थे। पुरानी छावनी पर सत्येन्द्र तोमर के होटल के पास आपस में उलझ रहे थे। इन्हें सत्येन्द्र ने अभद्रता से रोका तो नशेबाज बौखला गए दो बार सत्येन्द्र पर कार चढ़ाने की कोशिश की। किसी तरह होटल स्टाफ ने एक नशेबाज को घेर लिया, बाकी भाग गए। ऊर्जा मंत्री के भाई पर कातिलाना हमले की कोशिश सुनकर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सुबह 4 बजे तक 5 आरोपियों को पुलिस मुरैना से उठा लाई।
होटल के सिक्योरिटी गार्ड जोगेन्द्र सिंह ने बताया पुरानी छावनी पर मंत्री तोमर के भाई सत्येन्द्र सिंह का होटल है। इसके पिछले हिस्से में निर्माण चल रहा है। सत्येन्द्र रात 10:20 बजे करीब होटल के कर्मचारी कृष्णा यादव और राहुल के साथ निर्माण देखने गए थे। तब कार एमपी 06 जेडबी 6775 और एक बिना नंबर की काली कार आकर रूकी। दोनों गाडिय़ों से 5-6 लोग उतरे सभी नशे में धुत थे । इन लोगों में कहासुनी हो गई। सत्येन्द्र ने इन लोगों को झगडऩे और अभद्रता से रोका। उनकी नसीहत नशेबाजों को अखर गई, आपस का झगड़ा छोडक़र सत्येन्द्र से उलझ गए।
कार चढ़ाने की कोशिश
जोगेन्द्र ने बताया नशेबाजों ने दो बार सत्येन्द्र पर चढ़ाने की कोशिश की, किस्मत की बात थी वहां ट्रैक्टर खड़ा था। सत्येन्द्र ने उसकी आड़ लेकर खुद को बचाया। हालात भांपकर उन्होंने होटल के बाकी स्टाफ को मदद के लिए बुलाया। नशेबाज समझ गए अब पकड़े जाएंगे तो भागे, उनमें एक कार मालिक दिलीप राठौर को स्टाफ ने घेर लिया। पुलिस को बुलाकर उसे थमाया।
यह नशेबाज पकड़े, बोले पहचानते नहीं थे
ऊर्जा मंत्री के भाई को कुचलने की कोशिश सुनकर पुलिस में हडकंप मच गया। आनन फानन में आरोपियों को दबोचा पकड़े गए बदमाश प्रवीण राठौर,जौरी सिविल लाइंस मुरैना, भूरा उर्फ बृजेन्द्र जौरी रोड मुरैना, भूरा कंसाना निवी ,मुरैना, कुलदीप राठौर न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मुरैना को दबोच लिया। इन लोगों ने पूछताछ में खुलासा किया बर्थडे पार्टी में गए थे। वहां छक कर शराब पी। नशे में किससे से उलझ गए पता नहीं। पुलिस का कहना है आरोपी संजय राठौर निवासी बडोखर मुरैना फरार है। उसकी तलाश में पुलिस मुरैना में है। आरोपियों पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।