21 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक ऐसा स्कूल जहां पढ़ाई के साथ बिकती रही शराब

पुलिस व स्कूल शिक्षक साधे रहे चुप्पी

3 min read
Google source verification
सोमवार को स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम

सोमवार को स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम

दमोह/पथरिया. जिले में शराब का अवैध कारोबार पूरे चरम पर है। इस कारोबार में लिप्त लोगों ने अब शिक्षा के मंदिर को भी अपना निशाना बना लिया है और सरकारी स्कूलों को अवैध शराब बिक्री स्थल के रूप में उपयोग कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला पथरिया नगर में संचालित शासकीय माध्यमिक स्कूल का सामने आया है। इस स्कूल से शराब बेचने का कार्य संचालित था। स्कूल से अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है इसे उजागर करने में भगवती मानव कल्याण संगठन ने अपनी महती भूमिका निभाई है। शनिवार को संगठन सदस्यों ने स्कूल में रखी अवैध शराब जब्त कराने की कार्रवाई पूरी कराई। स्कूल में पकड़ी गई अवैध शराब ने इस बात की पोल खोल दी कि स्कूल के शिक्षक व थाना पुलिस मामले में चुप्पी साधे हुए थे। वहीं अब जब मामला ओपन हो चुका है तो अब आबकारी विभाग अपनी सक्रियता दिखा रहा है। शराब जब्त होने के दूसरे दिन आबकारी विभाग की टीम स्कूल पहुंची और शराब तलाश की।


शनिवार को पकड़ी गई थी शराब


मामले में बताया गया है कि भगवती मानव कल्याण संगठन सदस्यों ने शनिवार को मिडिल स्कूल में ३६ पाव अवैध शराब जब्त कराने की कार्रवाई पुलिस के मार्फत कराई थी। संगठन सदस्यों ने पत्रिका को बताया है कि स्कूल को अवैध शराब बेचने का अड्डा बना लिया गया था और आरोपी बेखोफ होकर स्कूल से अवैध गतिविधियां संचालित कर रहे थे, लेकिन इस पर जिम्मेदार चुप्पी साधे रहे।


अब आबकारी कर रही निरीक्षण


सोमवार को आबकारी विभाग की टीम स्कूल पहुंची और स्कूल में शराब की तलाश की। बताया गया है कि आबकारी विभाग की टीम एक दिन पहले रविवार को भी स्कूल पहुंची थी और स्कूल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आबकारी विभाग ने मौके से शराब बिक्री होने के साक्ष्य भी पाए हैं।


सरकारी दुकान से संचालित हो रहीं गतिविधियां


आबकारी विभाग की टीम में शामिल अधिकारियों को स्थानीय लोगों व संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा बताया गया है कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की गतिविधियां सरकारी शराब दुकान से संचालित हो रहीं हैं। संगठन सदस्यों का आरोप है कि तहसील क्षेत्र में संगठन सदस्यों द्वारा सैकड़ों बार शराब पकड़वाई जा चुकी है, इसके बावजूद भी क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार नहीं रूक रहा है। संगठन सदस्यों का कहना है कि थाना पुलिस क्षेत्र में हो रहे अवैध शराब के कारोबार को गंभीरता से नहीं ले रही है। जो कार्य पुलिस को करना चाहिए वह संगठन के कार्यकर्ताओं को जान जोखिम में डालकर करना पड़ रहा है।


छह माह से स्कूल में बिक रही थी शराब


स्कूल निरीक्षण करने पहुंचे आबकारी विभाग के अधिकारी अवध किशोर चौबे ने बताया है कि स्कूल के निरीक्षण दौरान ऐसा प्रतीत हुआ है कि विगत करीब छह माह पहले से यहां अवैध शराब की बिक्री चल रही होगी। मौके पर स्कूल परिसर में जगह-जगह शराब की खाली बोतलें पड़ी देखीं गईं हैं। स्कूल परिसर शराबियों के लिए अड्डा बना हुआ था। अवध किशोर चौबे का कहना है कि मैंने स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया है कि स्कूल प्रधानाध्यापक इसे गंभीरता से लें जिससे शराब के कारोबारियों पर कार्रवाई हो सके। चौबे का कहना है कि निरीक्षण रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।


यह सवाल मांग रहे जबाव


- नगर के सरकारी स्कूल में लंबे समय से शराब की खरीद फरोक्त होने पर पुलिस द्वारा संगठन द्वारा कराई गई कार्रवाई के पहले सक्रियता आखिर क्यों नहीं बरती गई।


- स्कूल से अवैध शराब की बिक्री होने पर प्रधानाध्पक द्वारा इसकी जानकारी शिक्षा विभाग के अधिकारियों व पुलिस को क्यों नहीं दी गई।


- निर्धारित समय से अधिक समय तक रात में नगर की शराब दुकान को खोले रखने पर पुलिस द्वारा आपत्ति क्यों नहीं उठाई जाती है।


- थाना क्षेत्र में अवैध शराब पकड़वाने का कार्य प्रमुखत: से भगवती मानव कल्याण संगठन सदस्य कर रहे हैं, लेकिन थाना पुलिस आखिर किस बात का इंतजार करती रहती है।


वर्जन
मुझे इस मामले के संबंध में जानकारी नहीं थी, मैं अब इस संबंध में संबंधित प्रधानाध्पक से जानकारी लेता हूं।
पीपी सिंह, डीइओ