6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आखिरी पेपर देकर निकल रहे 10वीं के छात्र की परीक्षा केन्द्र के गेट पर हत्या

mp news: पहले से घात लगाकर बैठे थे आरोपी, छात्र के निकलते ही गेट के पास चाकू से गोदा, अस्पताल में इलाज के दौरान मौत।

2 min read
Google source verification
damoh

class 10 student stabbed to death outside exam centre

mp news: मध्यप्रदेश के दमोह जिले में शुक्रवार दोपहर दसवीं के एक छात्र की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। छात्र बोर्ड परीक्षा का आखिरी पेपर देकर जैसे ही परीक्षा केंद्र से बाहर निकला, गेट के पास पहले से घात लगाए बैठे आधा दर्जन आरोपियों ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब एक घंटे तक इलाज चलने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आधा दर्जन संदेहियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

परीक्षा केंद्र के गेट पर हमला

मृतक छात्र की पहचान ऋषि (15 ) पिता जगदीश अहिरवार निवासी इमलाई के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ऋषि इमलाई गांव के हायर सेकंडरी स्कूल में कक्षा दसवीं का छात्र था। शुक्रवार को उसका बोर्ड परीक्षा का अंतिम पेपर था। बताया गया है कि पेपर खत्म होने के बाद जैसे ही ऋषि परीक्षा केंद्र ओजस्वनी इंस्टीट्यूट के गेट से बाहर निकला, तभी कुछ लड़कों ने उसे घेर लिया और अचानक चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगते ही ऋषि वहीं गिर पड़ा और कुछ ही मिनटों में उसके शरीर से काफी खून बह गया। इसके बाद साथियों ने तत्काल परिजनों को फोन कर सूचना दी और गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।

घंटे भर इलाज चला, फिर तोड़ा दम

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने करीब एक घंटे तक ऋषि का इलाज किया, लेकिन अधिक खून बह जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बेटे की मौत की खबर सुनते ही अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां का करुण क्रंदन सुनकर अस्पताल परिसर में मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। परिजनों को मृतक के दोस्तों ने बताया कि कुछ दिन पहले परीक्षा के दौरान ऋषि का कुछ सहपाठियों से विवाद हो गया था। उसी दौरान आरोपियों ने उसे धमकी दी थी कि आखिरी पेपर के दिन उसे देख लेंगे। सीएसपी एचआर पांडे के मुताबिक इस मामले में हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने अब तक छह लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें से अधिकांश नाबालिग बताए जा रहे हैं। कुछ आरोपी स्वयं भी दसवीं के छात्र हैं, जिन्होंने पेपर देने के तुरंत बाद इस वारदात को अंजाम दिया।