7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

10वीं के आखिरी पेपर के बाद परीक्षा केन्द्र के बाहर भिड़े छात्र, जमकर मारपीट

mp news: सरस्वती शिशु मंदिर और उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों के बीच हुआ विवाद, जमकर हुई मारपीट, चले लाठी-डंडे।

2 min read
Google source verification
damoh

students clash after class 10 board exam last paper

mp news: मध्यप्रदेश के दमोह जिले के पथरिया में शिक्षा के मंदिर के बाहर शनिवार को उस समय मर्यादा की सीमाएं टूट गईं, जब बोर्ड परीक्षा देकर निकले छात्र आपस में भिड़ गए। 10वीं बोर्ड का आखिरी पेपर खत्म होने के बाद जैसे ही छात्र परीक्षा केन्द्र से बाहर निकले तो उनमें विवाद हो गया और जमकर मारपीट हुई, लाठी-डंडे चले जिसके वीडियो भी सामने आए हैं। घटना शासकीय सांदीपनी माध्यमिक विद्यालय पथरिया के बाहर की है।

सरस्वती शिशु मंदिर और उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों में मारपीट

पुलिस ने बताया कि सरस्वती शिशु मंदिर और उत्कृष्ट विद्यालय के छात्रों का परीक्षा केंद्र सीएम राइज स्कूल में बनाया गया था। शनिवार को अंतिम पेपर खत्म होने के बाद स्कूल परिसर के बाहर किसी बात को लेकर छात्रों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और छात्र दो गुटों में बंटकर सड़क पर ही एक दूसरे पर लाठी डंडों से हमला करने लगे। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं और राहगीरों में अफरा तफरी मच गई।

बाहरी युवक भी झगड़े में थे शामिल

बताया जा रहा है कि छात्रों के बीच शुरू हुए विवाद का फायदा उठाकर कुछ बाहरी युवक भी झगड़े में शामिल हो गए। वायरल वीडियो में एक लाल टी शर्ट पहने युवक हाथ में डंडा लेकर स्कूली बच्चों पर हमला करता दिखाई दे रहा है। इस दौरान स्कूल परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। बहरहाल, बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में परीक्षा केंद्रों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई जाती है, लेकिन इसके बावजूद दिनदहाड़े छात्रों के बीच इस तरह की मारपीट ने स्थानीय कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मौके पर पुलिस मौजूद रहती या समय रहते हस्तक्षेप करती, तो स्थिति इतनी नहीं बिगड़ती।

वीडियो के आधार पर होगी कार्रवाई

मामले में थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर घटना की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कक्षा 10वीं का अंतिम पेपर देकर बाहर निकले छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद हुआ था। वीडियो की जांच कर इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। नाम सामने आने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।