
वृद्ध से पैरों की मालिश कराते हुए शाखा प्रबंधक
-पथरिया सेवा सहकारी बैंक का मामला
पथरिया. पथरिया सेवा सहकारी समिति बैंक के प्रबंधक का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक वृद्ध से बैंक प्रबंधक अपने पैरों की मालिश कराते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद से लोगों की तीखी प्रतिक्रिया सामने आ रही है। हालांकि सहकारी समिति के महाप्रबंधक ने शाखा प्रबंधक का बचाव करते हुए उनके पैर में मोच आने की बात कही है। वायरल वीडियो में पथरिया सेवा सहकारी समिति बैंक के प्रबंधक राजेश जैन एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं और उनके सामने एक बुजुर्ग जमीन पर बैठकर उनके पैर की मालिश कर रहा है। यह वीडियो बैंक पहुंचे किसी उपभोक्ता के द्वारा बनाया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
दरअसल ग्रामीण इलाकों में किसानों के लेन देन करने समिति बनाई गई है, जहां से किसान अपनी जमा पूंजी रखते है और जरूरत पडऩे पर कर्ज लेकर खेती करते हैं। ये समितियां शाखा से जुड़ी होती हैं। ऐसी ही एक शाखा पथरिया के झंडा चौक पर संचालित है, जहां राजेश जैन प्रबंधक हैं। सहकारी बैंक के महाप्रबंधक अनुपम खरे को घटना की जानकारी दी। उन्होंने शाखा प्रबंधक जैन से बात की थी, तो उन्होंने बताया कि उनके पैर में मोच आ गई थी इसलिए वह अपने पैर की मोच ठीक करा रहे थे। हालांकि ये पता नहीं चल पाया है कि जिस बुजुर्ग के द्वारा शाखा प्रबंधक के पैर की मालिश की जा रही थी वह कौन है। लोगों ने इतना जरूर बताया कि वह आए दिन शाखा में अपने काम से आता-जाता रहता है।
Published on:
20 Jul 2024 06:47 pm

