
Burning Car: चलती कार में अचानक लगी आग, हाईवे पर लगा जाम, कारणों की जांच जारी...(photo-patrika)
Burning Car: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बास्तानार घाट में एक चलती कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। घटना के दौरान हाईवे से गुजर रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार यह घटना नेशनल हाईवे-63 पर बास्तानार घाट के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चलती कार से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। कार में आग लगने के कारण हाईवे पर रुक-रुक कर वाहनों की आवाजाही होने लगी, जिससे कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई। आसपास मौजूद लोगों ने दूर हटकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित की और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। वहीं आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई। फिलहाल कार में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन घटना के बाद हाईवे से गुजर रहे लोगों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।
Updated on:
15 Mar 2026 02:05 pm
Published on:
15 Mar 2026 01:56 pm
बड़ी खबरें
View Allदंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
