
खौफनाक वारदात (photo source- Patrika)
Mother Murder Case: दंतेवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने गुस्से में आकर अपनी ही मां की हत्या कर दी। झाड़-फूंक को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हिंसक रूप ले लिया और एक परिवार हमेशा के लिए बिखर गया।
यह सनसनीखेज वारदात कुआकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम धनीकरका में 23 अप्रैल 2026 की रात हुई। शिकायतकर्ता कोवा मरकाम ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी आयते मरकाम और अन्य परिजनों के साथ घर के आंगन में बैठे थे। उसी दौरान उनका बेटा बुधराम मरकाम अपनी बुआ के लिए झाड़-फूंक कर रहा था।
बताया गया कि झाड़-फूंक के दौरान आरोपी ने अपने पिता को देवगुड़ी से रेत लाने के लिए भेजा था। इसी बीच रात करीब 10 बजे उसकी मां आयते मरकाम ने उसे इस तरह की गतिविधि करने से मना किया। मां के विरोध करने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे उग्र विवाद में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर बुधराम मरकाम गुस्से में आपा खो बैठा। उसने पहले अपनी मां के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर पटक दिया। इसके बाद पास में रखा हंसिया उठाकर उसकी मां के सीने पर वार कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि 53 वर्षीय आयते मरकाम की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पूरे गांव को झकझोर देने वाली साबित हुई।
घटना की सूचना मिलते ही कुआकोंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 17/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मामला दर्ज किया गया।पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की और 24 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी बुधराम मरकाम (34) से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसे 25 अप्रैल 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया।
यह घटना सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि समाज में मौजूद अंधविश्वास और अनियंत्रित गुस्से का भयावह उदाहरण भी है।
इन सबने मिलकर एक मां की जान ले ली।
Updated on:
26 Apr 2026 05:10 pm
Published on:
26 Apr 2026 05:07 pm
बड़ी खबरें
View Allदंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
