
कांग्रेस प्रत्याशी सविता मीना के ससुराल में सर्वाधिक 97.80 प्रतिशत मतदान
दौसा. लोकसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत का आंकड़ा भले ही भीषण गर्मी के कारण 61.25 प्रतिशत रह गया हो, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी सविता मीना के ससुराल बांदीकुई के अलियापाड़ा के ग्रामीणों ने अपनी बहू को लोकसभा में भेजने के लिए भीषण गर्मी एवं चिलचिलाती धूप को बेअसर कर मतदान प्रतिशत का रिकॉर्ड बना लिया। यहां पर भले ही मतदाताओं की संख्या कम है, लेकिन 97.80 प्रतिशत मतदान हो गया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अलियापाड़ा बूथ पर 516 मतदाता हैं। इनमें से 489 मतदाताओं ने वोट डाले। इस बूथ पर 270 पुरुषों में से 256 व 246 महिला मतदाताओं में से 233 ने वोट डाले। हालांकि बांदीकुई के कई पोलिंग बूथ ऐसे हैं, जहां पर मतदान 90 प्रतिशत से ऊपर पहुंच गया।
यहां सर्वाधिक एवं कम हुआ मतदान
दौसा लोकसभा की आठों विधानसभाओं में सर्वाधिक कम व अधिक की बात करें तो सर्वाधिक मतदान बांदीकुई के अलियापाड़ा में 97.80 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद में सर्वाधिक मतदान महुवा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय सायपुर में 89.63 प्रतिशत हुआ। सर्वाधिक में तीसरे पायदान पर दौसा विधानसभा क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय पश्चिमी लाइन तीतरवाड़ा है। यहां पर 88.07 प्रतिशत मतदान हो गया। सिकराय विधानसभा इलाके में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय हींगी में 83.94 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसी प्रकार बस्सी विधानसभा क्षेत्र के राजकीय माध्यमिक विद्यालय माधोपुरा में 84.84 प्रतिशत मतदान तो चाकसू के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चाकसू बैंक के पास 82.08 तथा थानागाजी में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मण्डावरी में 80.4 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं लालसोट विधानसभा में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन मोहनपुरा में 79.69 प्रतिशत वोट डाले गए।
इसी प्रकार यदि बात कम मतदान की जाए जो राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय सलेमपुर थाना पूर्वी भाग में मात्र 29.36 प्रतिशत ही मतदान हो पाया। वहीं सिकराय के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मोरोली कमरा नम्बर वाले बूथ में भी 37.32 प्रतिशत मतदान हुआ। लालसोट विधानसभा के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय भवन देवली में 42.35 प्रतिशत, दौसा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक कम मतदान 46.35 प्रतिशत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्वी भाग थूमड़ी में हुआ।
इसी प्रकार बांदीकुई में सबसे कम मतदान राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुही में 47.10 प्रतिशत हुआ। इसी प्रकार बस्सी में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नांगल बोहरा में 41.66 प्रतिशत, चाकसू के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुरा में 37.77 व थानागाजी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राजोर में 32.54 प्रतिशत मतदान हुआ।
Published on:
08 May 2019 07:41 am
