
सिकंदरा के समीप अगावली गांव में आईटी केंद्र के बाहर मौके पर जमा ग्रामीणों की भीड़। Patrika
सिकंदरा। थाना इलाके के अगावली गांव में आईटी केंद्र के समीप बुधवार सुबह गांव के एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों जमा हो गए। सिकंदरा थाना प्रभारी अशोक चौधरी मय जाप्ते मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से युवक की हत्या की आंशका जताई। ग्रामीणों ने युवक के शव को पेड़ से नीचे नहीं उतारने दिया तथा टीम को बुलाकर मौके पर ही पोस्टमार्टम कराने की मांग की।
ग्रामीणों का विरोध बढ़ता देख पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। सिकराय एसडीएम नवनीत कुमार, महवा सीओ मनोहर लाल मीणा, तहसीलदार धर्म सिंह, सिकंदरा विकास अधिकारी सतीश बैरवा ने परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की। अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद के जिलाध्यक्ष भरतलाल मीना अगावली, सरपंच रामकेश मीणा, धर्म सिंह मीणा सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों और ग्रामीणों की वार्ता के बाद मौके पर एफएसएल टीम बुलाई गई।
टीम ने जांच कर साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों से करीब दो-तीन घंटे की वार्ता के बाद ग्रामीण और परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए। पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर एंबुलेंस की सहायता से सिकंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। जहां पर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान परिजनों ने सिकराय एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें जांच कर घटना का खुलासा करने की मांग की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक युवक दिनेश मीणा (29) पुत्र लोहड़ीराम मीणा निवासी अगावली को मंगलवार रात 9 बजे गांव में दुकान के बाहर घूमते हुए देखा था। युवक रात को घर नहीं पहुंचा तथा सुबह पंचायत आईटी केंद्र के समीप शव पेड़ से लटका हुआ मिला। मृतक युवक की जेब से एक एंड्रॉयड तथा दो कीपैड मोबाइल फोन भी मिले हैं। उन्हें जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
लोहड़ी राम मीणा का इकलौता पुत्र मृतक युवक दिनेश था। दिनेश के तीन पुत्री व 5 दिन का एक पुत्र है। युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। ग्रामीणों ने उन्हें ढांढस बंधाया।
Updated on:
03 Jul 2025 10:32 am
Published on:
03 Jul 2025 10:30 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
