
राजस्थान के दौसा जिले के महुवा थाना पुलिस ने गत रात्रि को महुवा कस्बे के हिंडौन रोड से चोरी हुआ 18 चक्का ट्रेलर महज 12 घंटे में पीछा कर झिरका फिरोजपुर हरियाणा से बरामद कर लिया। ट्रक की अनुमानित कीमत 40 लाख रुपए बताई गई है।
महुवा थाना अधिकारी राजेंद्र मीणा ने बताया कि गत रात्रि हिंडौन रोड निवासी रोहितपुरी ने महुवा पुलिस को सूचना दी कि उसके ताऊ का ट्रेलर 10 जनवरी से जैन मंदिर के पास खड़ा था। जिसे रात्रि को अज्ञात जने चुरा ले गए। पुलिस ने जानकारी मिलते ही रात्रि को ही घटना स्थल का जायजा लेकर ट्रेलर की तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
इसके आधार पर ट्रेलर का दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर पिनान होकर हरियाणा की तरफ जाना पाया गया। पुलिस ने पीछा किया तो अज्ञात चोर गांव बीबा तहसील झिरका फिरोजपुर जिला नूंह हरियाणा में ट्रेलर को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस थोड़ी सी देर कर देती तो चोर ट्रेलर लेकर फरार हो जाते।
पुलिस ने 18 चक्का ट्रेलर जब्त कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने आधा दर्जन टोल पर सीसीटीवी खंगाले और कॉल की भी जांच की। उक्त घटना को लेकर अलवर पुलिस को भी सूचना दी गई थी। ट्रेलर की बरामदगी को लेकर रात को ही कार्रवाई करते हुए सुबह तक लगभग एक दर्जन टोल नाको पर पहुंचकर 200 सीसी टीवी कैमरे खंगाले।
ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
महुवा के हिंडौन रोड से चोरी हुए 18 चक्का ट्रेलर की बरामदगी में थाना अधिकारी राजेंद्र मीणा, एएसआई घनश्याम यादव, रविन्द्र शर्मा, गौरीशंकर, राजेश कुमार, महेश, उम्मेदी एवं पप्पू पुलिसकर्मी शामिल रहे।
Updated on:
09 Feb 2025 08:26 pm
Published on:
09 Feb 2025 08:25 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
