दौसा. राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को पुलिस हिरासत में लेने पर जिले मेें उनके समर्थकों में आक्रोश व्याप्त हो गया। भाजपा कार्यकर्ता व किरोड़ी समर्थक सड़कों पर उतर आए तथा विरोध-प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय पर सोमनाथ सर्किल पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के विरोध में प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलक्ट्रेट के बाहर धरना देकर कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समर्थकों ने कहा कि डॉ. मीणा उन वीरांगनाओं का साथ दे रहे थे जिनके पतियों ने देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया है, लेकिन सरकार मांगों को मानने के बजाय लगातार उनका अपमान कर रही है।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार की इस दमनकारी नीति को नहीं सहेंगे। इस दौरान राजेंद्र शर्मा, रितेश पारीक, अंतु नांदरी, विकास शर्मा, जगदीश सरपंच, रितेश खेरवाल, ऋषभ शर्मा, राकेश भोमिया, महेंद्र राजावत, हरिमोहन शर्मा, गंगासिंह चांवडेडा, रामप्रसाद गुर्जर आदि थे।