
अमित कुमार मीना। फोटो पत्रिका नेटवर्क
RBSE 12th Result: दौसा । लालसोट उपखण्ड श्यामपुरा कलां के छात्र अमित कुमार मीना ने बारहवीं विज्ञान वर्ग में 99.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे जिले में टॉपर बनकर अपने गांव और स्कूल का नाम रोशन किया। अपने घर से प्रतिदिन 3 किमी पैदल स्कूल आने वाले अमित ने सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम और नियमित अध्ययन से यह उपलब्धि हासिल की।
अमित ने बताया कि वह रोज स्कूल के बाद 7 घंटे पढ़ाई करता था और पढ़ाई के बाद माता-पिता के साथ खेती-बाड़ी में भी हाथ बंटाता था। उनके प्रयास और समर्पण का परिणाम यह रहा कि उनका लक्ष्य, समाज की सेवा के लिए सिविल सेवा में चयनित होना और भी मजबूत हो गया।
छात्र की बहन ने भी 88 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक रामबिलास मीना और पूरा स्टाफ अमित के घर पहुंचे और माला व साफा पहनाकर उनकी उपलब्धि का अभिनंदन किया।
सीबीईओ सत्यनारायण मीना और एसीबीईओ बिहारीलाल वर्मा ने बताया कि अमित विज्ञान वर्ग में पूरे प्रदेश के टॉप 10 में शामिल हैं। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि समर्पण, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अमित की यह उपलब्धि सरकारी विद्यालयों की गुणवत्ता और क्षमता को भी एक बार फिर से प्रमाणित करती है और ग्रामीण छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
लालसोट ब्लाक में ईशिता शर्मा 98.20 प्रतिशत अंक लेकर टॉपर रही है। इशिता शर्मा शहर के संजय बाल निकेतन की छात्रा है। इशिता की सफलता की जानकारी मिलते ही पूरे परिवार में खुशियों की लहर दौड़ गई। इशिता ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को देते हुए बताया कि नियमित रुप से 5 से 6 घंटे तक नियमित अध्ययन से ही उसने यह सफलता प्राप्त की है।
इसी तरह रामगढ़ पचवारा ब्लाक में सोनड़ गांव के राउमावि में कृषि संकाय की छात्रा टीना मीना पुत्री मोहनलाल मीना ने 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए टॉपर रही है। सोनड़ गांव में घुणावत की ढाणी निवासी टीना मीना के पिता खेती बाड़ी करते हुए परिवार का पालन पोषण करते है। टीना मीना की सफलता की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। कक्षा 10 में टीना ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे।
Updated on:
31 Mar 2026 06:37 pm
Published on:
31 Mar 2026 06:37 pm
