5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान के इस जिले की पहली महिला SP होंगी प्रीति जैन, पति भी हैं IPS

भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी प्रीति जैन अब दौसा की पहली महिला पुलिस अधीक्षक होंगी।

2 min read
Google source verification

दौसा

image

Santosh Trivedi

Jul 02, 2022

SP Priti Jain

भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी प्रीति जैन अब दौसा की पहली महिला पुलिस अधीक्षक होंगी। राज्य सरकार ने गुरुवार देर रात भारतीय पुलिस सेवा के 32 अधिकारियों की तबादला सूची जारी की। इसमें दौसा एसपी राजकुमार गुप्ता का तबादला स्टेट डिजास्टर रेस्पोंस फोर्स जयपुर के कमाण्डेंट पद पर किया गया। वहीं दौसा में चित्तौडगढ़़ से एसपी प्रीति जैन को लगाया गया। वर्ष 2009 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रीति जैन मूलत: श्रीगंगानगर निवासी है व अर्थशास्त्र में एमफिल हैं। वे इससे पहले टोंक, हनुमानगढ़ आदि जिलों में कार्य कर चुकी हैं। पति राहुल जैन भी आईपीएस हैं तथा वर्तमान में नई दिल्ली में कार्यरत हैं।

मात्र तीन माह में तबादला बना चर्चा का विषय-
आईपीएस राजकुमार गुप्ता ने 31 मार्च 2022 को यहां दौसा एसपी के रूप में कार्यभार संभाला था। 3 माह पूरे होते ही सरकार ने उनका तबादला कर दिया। इस छोटे कार्यकाल की अवधि में गुप्ता चर्चित रहे। पुलिस मुख्यालय के अभियान में दौसा जिला नंबर एक पर रहा। बांदीकुई बालिका अपहरण कांड सहित करीब आधा दर्जन हत्याकांड भी इस अवधि में हुए और खुलासे भी किए गए। छोटी-छोटी घटनाओं पर भी मौके पर पहुंच जाते थे। इसके बावजूद अचानक तबादला होना पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

चार साल में छह एसपी बदले-
बीते चार सालों में दौसा एसपी बार-बार बदल रहे हैं। फरवरी 2018 में एसपी योगेश यादव को बदलकर चूनाराम जाट को लगाया। 11 माह बाद ही जनवरी 2019 में प्रहलादसिंह कृष्णियां को लगा दिया गया। करीब 18 माह बाद जुलाई 2020 में मनीष अग्रवाल को लगाया गया, लेकिन पांच माह में ही उनका तबादला हो गया। इसके बाद वे एसीबी की गिरफ्त में भी आ गए। जनवरी 2021 में अनिल बेनिवाल को लगाया, जिन्हें भी सवा साल में हटा लिया गया। इसके बाद लगाए गए राजकुमार गुप्ता भी तीन माह ही टिक सके और अब प्रीति जैन को लगाया गया है। सूत्रों के अनुसार राजनीतिक दबाव व जयपुर मुख्यालय नजदीक होने से दखलंदाजी रहने से बार-बार तबादले हो रहे हैं।

लाठर का था सबसे छोटा कार्यकाल-
प्रदेश के पुलिस महानिदेशक एमएल लाठर 8 अप्रेल 1996 से 5 मई 1996 तक दौसा के एसपी रहे थे। उनका 28 दिन का कार्यकाल अब तक जिले में किसी भी एसपी का सबसे छोटा कार्यकाल रहा है। इसके बाद दूसरे नंबर पर 2013 में 3 अगस्त से 12 सितम्बर तक 40 दिन का कार्यकाल एसपी दिलीप कुमार जाखड़ का रहा है। वहीं दौसा एसपी के पद पर सर्वाधिक समय तक रहने का रेकॉर्ड डॉ. सीबी शर्मा के नाम था। शर्मा 16 जून 2004 से 9 अप्रेल 2007 तक करीब 34 माह इस पद पर रहे थे। दौसा जिला स्थापना 10 अप्रेल 1991 को होने पर सबसे पहले एसपी पुखराज सीरवी को लगाया गया था, तब से लेकर अब तक 32 पुलिस अधीक्षक इस पद पर रह चुके हैं। प्रीति जैन जिले की 33वीं एसपी होंगी।