
सोलर प्लांट का उद्धाटन करते अतिथि। फोटो: पत्रिका
दौसा। दौसा जिले के बड़ियाल कलां उपतहसील मुख्यालय पर सौर ऊर्जा क्रांति की शुरुआत हुई। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान पीएम कुसुम योजना के तहत बडियाल कलां में विकसित किया गया 2.5 मेगावाट क्षमता के नए सोलर प्लांट के साथ जयसिंहपुरा, प्रतापपुरा, बूचपूरी के 11 केवी मेगावाट के सोलर प्लांटों का शुभारंभ भी एक ही मंच से बुधवार को किया गया। सौर ऊर्जा प्लांट से बड़ियालकलां क्षेत्र में बीस गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। किसानों को दिन में भी निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र में सौर ऊर्जा उत्पादन न केवल बिजली उत्पादन को मजबूती देगा, बल्कि किसानों और आम उपभोक्ताओं को सस्ती, स्वच्छ और सतत ऊर्जा उपलब्ध कराने में मील का पत्थर एवं लोक कल्याणकारी साबित होगा। केंद्र और राज्य सरकार देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा आज की जरूरत ही नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा भी है। ऐसे प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रैला ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभअब गांव-ढाणी तक पहुंच रहा है। इस तरह के सोलर प्लांट स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेंगे और क्षेत्रीय विकास को गति देंगे। इससे पहले अतिथियों ने सोलर प्लांट का लोकार्पण किया। अन्य अतिथियों के रूप में राज्यसभा के पूर्व सांसद रामकुंवार वर्मा, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवणसिंह बगड़ी, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, पूर्व जिलाध्यक्ष सत्यनारायण शाहरा, पूर्व प्रधान सुबुद्धि राम मीणा, गौरीदेवी पाटन, ममता सैनी, रामसिंह बूचपूरी, जिला परिषद सदस्य बच्चूसिंह भजाक, पवन भजाक आदि थे। गायक कलाकारों ने एक से बढकर एक रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया। समारोह में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रवि पालीवाल, शशिकांत शास्त्री, गुलाब सिंह कुशवाह, महावीर रलावता सहित सैकडो लोग मौजूद थे।
बडियाल कलां - 2.54 मेगावाट
जयसिंहपुरा - 4.32 मेगावाट
प्रतापपुरा - 2 मेगावाट
बूचपुरी - 2 मेगावाट
कुल - 11 मेगावाट
समारोह के बाद पत्रकार वार्ता में डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने रिफाइनरी के उदघाटन से ठीक एक दिन पहले हुए अग्रिकांड हादसे के बारे में कहा कि इसकी जांच हो रही है। स्वाभाविक हादसा था या फिर अन्य कोई। जांच के बाद दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री के रूप में देख कर कांग्रेस पचा नहीं पा रही है। भाजपा लगातार कई राज्यों में अपना परचम लहरा चुकी है। ईश्वर जल्दी ही कांग्रेसियों को सद्बुद्धि दें।
Published on:
23 Apr 2026 11:39 am
बड़ी खबरें
View Allदौसा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
