
बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को कुचला
महुवा. थाना इलाके के बालाहेड़ा रोड पर सुबह बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क पर जाम लगा दिया। घटना के बाद बांदीकुई व महुवा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार थाना इलाके के बेरखेड़ा निवासी सतीश (18 ) पुत्र मोतीलाल बैरवा बाइक से बालाहेड़ा अपनी बहन के जा
रहा था। इस दौरान सामने से तेज गति से आ रहे बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे सतीश की मौके पर ही मौत हो गई तथा चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त करने की मांग को लेकर जाम लगा दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया तथा शव को महुवा सामुदायिक अस्पताल में लाकर उसका पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
थाने की सीमा को लेकर उलझी पुलिस
ग्रामीणों के अनुसार घटना बालाहेड़ी से बालाहेड़ा की ओर जा रहे रोड पर बांदीकुई थाना इलाके में होने के बावजूद भी बांदीकुई थाना पुलिस घटना को महुवा थाना पुलिस का इलाका बताकर अपना पल्ला झाड़ रही थी।
इस दौरान काफी देर तक दोनों थानो की पुलिस आपस में सीमा को लेकर उलझते रहे। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए महुवा थाना पुलिस शव को लेकर महुवा सामुदायिक अस्पताल पहुंची।
अवैध खनन बना हादसे का कारण
उपखंड क्षेत्र स्थित बाणगंगा नदी में धड़ल्ले से हो रहे अवैध खनन को लेकर पुलिस व प्रशासन अपनी आंखें मूंद रखी है। अवैध खनन कर बजरी भरकर उपखंड क्षेत्र से गुजरने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक तेज गति से वाहन चलाकर निकलते हैं।इसके कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित बालाहेड़ी चौकी एवं महुवा कस्बे से होकर रोज दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अवैध खनन की बजरी भरकर ले जाते हैं। कार्रवाई नहीं होने से अवैध खननकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं।
Published on:
19 Jun 2018, 8:30 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.