
Badrinath Temple (Photo: badrinath-kedarnath.gov.in)
Badrinath Temple Theft Case : उत्तराखंड के प्रसिद्ध चार धामों में से एक, बद्रीनाथ धाम में बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) से जुड़े एक कथित चोरी के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस पूरे विवाद पर अब BKTC के उपाध्यक्ष विजय कपरूवान का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक वैदिक सहायक का नाम सामने आया है, जिसे पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है।
BKTC के उपाध्यक्ष विजय कपरूवान ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना सबसे पहले 2 तारीख को सोशल मीडिया के जरिए सामने आई थी। मामला संज्ञान में आते ही मंदिर समिति ने तुरंत एक्शन लिया और शुरुआती जांच के लिए तुरंत एक 4 सदस्यीय टीम का गठन किया। इसके अलावा, उत्तराखंड सरकार ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए एक कमिश्नर और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की अगुवाई में एक उच्च स्तरीय टीम बनाई है।
कपरूवान ने बताया कि जांच में एक 'वैदिक सहायक' का नाम उजागर हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। उपाध्यक्ष विजय कपरूवान ने कहा कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है और मुझे पूरा विश्वास है कि इस इंक्वायरी से पूरा सच सबके सामने आ जाएगा।
इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि भगवान भोलेनाथ (और बद्री विशाल) में देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। इस तरह की घटना का होना बेहद दुखद और मन को ठेस पहुंचाने वाला है। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मंदिर समिति ने कड़े कदम उठाने का फैसला किया है।
उपाध्यक्ष ने बताया कि मंदिर परिसर के सभी संवेदनशील और प्रमुख स्थानों पर अब उच्च गुणवत्ता वाले आधुनिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएंगे।परिसर की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए एक सुरक्षा टीम तैनात करने का प्रस्ताव पहले से ही तैयार था, जिसे अब जल्द से जल्द धरातल पर लागू किया जाएगा। BKTC प्रबंधन का कहना है कि उनका पूरा प्रयास है कि भविष्य में मंदिर की पवित्रता और सुरक्षा में इस तरह की चूक दोबारा कभी न हो।
Updated on:
14 Jul 2026 08:23 am
Published on:
14 Jul 2026 08:02 am
बड़ी खबरें
View Allदेहरादून
उत्तराखंड
ट्रेंडिंग
