
पुलभट्टा थाना, ऊधमसिंह नगर
Minor's Marriage Stopped : 15 साल की किशोरी की शादी 27 साल के युवक से हो रही थी। ये मामला ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा के ग्राम अंजनिया का है। यहां 15 साल की किशोरी की शादी की तैयारियां चल रही थी। हरियाणा निवासी दूल्हा किशोरी के घर पर ही घुड़चढ़ी की रस्म कर रहा था। नाबालिग की शादी की सूचना स्वयंसेवी संस्था इंस्टिट्यूट ऑफ़ सोशल डेवलपमेंट (आईएसडी) को मिली थी। सूचना पर आईएसडी की परियोजना निदेशक बिन्दुवासिनी पुलिस लेकर विवाह स्थल पर पहुंच गई थीं। आईएसडी टीम को परिजनों से किशोरी का आधार कार्ड नहीं मिला। जूनियर हाईस्कूल के दस्तावेजों में किशोरी की उम्र 15 वर्ष 11 महीने पाई गई। बिन्दुवासिनी ने पुलिस के सहयोग से विवाह को रुकवाकर वीडियोग्राफी करवाई। बाल कल्याण समिति के मुताबिक आगे की कार्यवाही करते हुए आईएसडी टीम ने महिला दरोगा सीमा के साथ नाबालिग को वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया।
किशोरी की शादी रुकवाने से बारात में हड़कंप मच गया था। हरियाणा से पहुंची बारात को बैरंग लौटना पड़ा। आईएसडी के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक उनकी संस्था बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जस्ट राइट फार चिल्ड्रन एलायंस के सहयोग से बाल विवाह मुक्ति रथ का संचालन कर रही है। नाबालिग को वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया है। वर और कन्या पक्ष के परिजनों को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया है। पुलभट्टा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मिश्रा के मुताबिक दूल्हे और दूल्हा-दुल्हन के परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।
किशोरी की शादी की तैयारी पूरे धूमधाम के साथ की गई थी। बिंदुवासिनी पूरे कार्यक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है। मौके पर मौजूद बैंड बाजा और कैटरर को भी वैवाहिक कार्य के कांट्रेक्ट से पहले दूल्हा और दुल्हन के बालिग होने की जानकारी लेने के निर्देश दिए हैं। ग्राम प्रधान अमन कश्यप से भी ग्राम पंचायत क्षेत्र में होने वैवाहिक कार्यक्रमों में दूल्हा एवं दुल्हन की उम्र की जानकारी लेने की बात कही गई।
Updated on:
18 Feb 2026 08:27 am
Published on:
18 Feb 2026 08:24 am
