
केदारनाथ धाम के कपाट खुले..
CM Dhami Kedarnath Visit: केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह ठीक आठ बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। जैसे ही कपाट खुले, पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “जय बाबा केदार” के जयघोष से गूंज उठा। इस पावन क्षण को देखने के लिए देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु भावविभोर नजर आए और मंदिर परिसर भक्ति रस में डूब गया।
कपाट उद्घाटन के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ धाम पहुंचे और बाबा केदार के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर रहा और पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया।
केदारनाथ मंदिर को इस वर्ष करीब 51 कुंतल फूलों से अत्यंत भव्य और आकर्षक रूप में सजाया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे फूलों की सजावट और बर्फीली चोटियों के बीच स्थित मंदिर का दृश्य अत्यंत दिव्य प्रतीत हो रहा था। दूर-दूर से आए श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते नजर आए।
बाबा केदार की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंगलवार शाम लगभग 4:30 बजे ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से रवाना होकर 17 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय कर केदारनाथ धाम पहुंची। डोली ने जंगलचट्टी, रामबाड़ा, लिनचोली और बेस कैंप से होकर केदारपुरी में प्रवेश किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया और वातावरण भक्तिमय हो गया।
केदारनाथ धाम पहुंचने पर डोली की मंदिर की परिक्रमा कर विधिवत पूजा-अर्चना की गई और उसे भंडार गृह में स्थापित किया गया। इस दौरान 8वीं सिखलाई रेजीमेंट के बैंड की मधुर धुनें और डमरू की गूंज से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिसमें पुलिस और आईटीबीपी के जवानों की तैनाती रही।
कपाट खुलते ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, पुजारी टी. गंगाधर लिंग, केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित करने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
Updated on:
22 Apr 2026 09:13 am
Published on:
22 Apr 2026 08:17 am
बड़ी खबरें
View Allदेहरादून
उत्तराखंड
ट्रेंडिंग
