
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है
Weather News : अप्रैल में प्री-मानसून की भारी बारिश से लोग हैरत में पड़े हुए हैं। बता दें कि उत्तराखंड में मंगलवार देर रात से बारिश का दौर शुरू हो गया था। आज सुबह से अब तक बारिश का दौर चल रहा है। इसके कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। भारी ठंड से बचने के लिए लोग अलाव सेंक रहे हैं। कई नदियां भी ऊफान पर हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दो मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण ये हालात पैदा हुए हैं। मौसम विभाग ने भी आज सभी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक आज देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत और यूएस नगर जिले में कहीं-कहीं गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़क सकती है। साथ ही 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना है। इसे लेकर इन जिलों के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने राज्य के अन्य जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कल यूएस नगर और हरिद्वार जिले को छोड़ अन्य सभी जिलों में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
बारिश-बर्फबारी के कारण उत्तराखंड के पर्वतीय अप्रैल में दिसंबर-जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। मौसम के इस बदले रुख से हर कोई हैरान है। आज राज्य के कई जिलों में सुबह से बारिश हो रही है। केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने आज 28 सौ मीटर ऊंचाई तक के इलाकों में भी बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। कल भी राज्य में 3000 मीटर ऊंचाई तक के इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। बारिश से जहां एक ओर पहाड़ों में प्राकृतिक जलस्रोत रिचार्ज हुए है वहीं दूसरी ओर इससे ठंड का मौसम फिर लौट आया है।
बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी के कारण देहरादून का तापमान छह डिग्री तक लुढ़क गया है। देहरादून में कल से ही बादलों का जमावड़ा लगने लगा था। कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। ठंडी हवाओं के कारण दून का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री कम है। उधर, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में भी कल पारा गिरने से शाम होते-होते ठिठुरन काफी बढ़ गई थी। कल कौसानी में 13, रानीखेत में छह, रुद्रप्रयाग में चार, मसूरी में 1.1 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
Updated on:
08 Apr 2026 02:49 pm
Published on:
08 Apr 2026 12:00 pm
बड़ी खबरें
View Allदेहरादून
उत्तराखंड
ट्रेंडिंग
