
उत्तराखंड में कल से बारिश का अलर्ट जारी हुआ है
IMD Alert : मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम कल से अगले सात दिन विकराल रूप दिखा सकता है। इसे लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। बता दें कि इन दिनों उत्तराखंड में मौसम साफ बना हुआ है। दिन में चटख धूप खिलने से मई-जून जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। देहरादून में भी प्रचंड गर्मी का प्रहार शुरू हो चुका है। सूर्यदेव ने समय से पहले तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को दून का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से आठ डिग्री अधिक है। इसने तापमान ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पिछले साल 2025 में पूरे मार्च महीने में सर्वाधिक तापमान 27 मार्च को 34 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बार 12 मार्च को ही पारा 34 के पार निकल गया है। पिछले साल 12 मार्च को अधिकतम तापमान 29 डिग्री था। रात को न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा 16.9 डिग्री पहुंच गया। आईएमडी के मुताबिक कल यानी शनिवार से राज्य में मौसम तल्खी दिखा सकता है। कल उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले में कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में गर्जना के साथ आकाशीय बिजली कड़कने की संभावना है। राज्य में 3500 मीटर ऊंचाई वाले इलाकों में कल से बर्फबारी की भी संभावना है। कल देहरादून, टिहरी और अल्मोड़ा जिले में भी बारिश का पूर्वानुमान है। आईएमडी ने 15 और 16 मार्च को पूरे राज्य में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
उत्तराखंड में कल से मौसम तल्ख तेवर दिखाएगा। आईएमडी के मुताबिक 15 और 16 मार्च को राज्य में आकाशीय बिजली कड़कने और 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की भी संभावना है। इसे लेकर आईएमडी ने समूचे राज्य में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दरमियान पर्वतीय इलाकों में तीव्र बारिश का दौर भी चल सकता है। आईएमडी के मुताबिक 17 मार्च को राज्य के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना है। 18 और 19 मार्च को भी पूरे राज्य में झमाझम बारिश के आसार हैं। 19 मार्च को यूएस नगर और हरिद्वार में हल्की जबकि शेष जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश के आसार बन रहे हैं। आईएमडी के मुताबिक बारिश-बर्फबारी के कारण अगले चार-पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक गिरावट आने की भी संभावना है।
Updated on:
13 Mar 2026 12:30 pm
Published on:
13 Mar 2026 12:29 pm
