
प्रदेश में बनेगा मुख्यमंत्री नारी सम्मान कोष, 100 करोड़ का रहेगा प्रावधान
देवास।
प्रदेश में महिलाओं के उत्थान एवं उनकी सतत प्रगति के लिए मुख्यमंत्री नारी सम्मान कोष बनाया जायेगा। इस कोष में 100 करोड़ रुपए की राशि का प्रावधान किया जाएगा। इस राशि से महिलाओं की हरसम्भव सहायता की जाएगी। पुलिस लाइन के पिछले मैदान में मंगलवार शाम को आयोजित महिला सशक्तीकरण-लिंकेज क्रेडिट कार्यक्रम में हजारों लोगों की उपस्थिति के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में देश एवं प्रदेश ने एक क्रांतिकारी कदम उठाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोषण आहार बनाने का कार्य स्वसहायता समूह की महिलाएं करती थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने महिलाओं से उनका यह हक छीनकर अपने ठेकेदारों को दे दिया था लेकिन प्रदेश सरकार ने आजीविका समूह की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य करते हुए पुन: ठेकेदारों से पोषण आहार का कार्य वापस लेते हुए समूह की बहनों को दिया और समूह की बहनों ने बखूबी अपने दायित्वों का निर्वहन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद जे.पी. नड्डा ने देवास के ग्राम खटाम्बा में स्थित पोषण आहार केंद्र की चाबी आजीविका मिशन की महिला स्व सहायता समूहों को सौंपी। इस अवसर पर प्रदेश में महिला स्व सहायता समूह को 300 करोड़ रुपए के ऋण वितरित किए गए। राज्यसभा सांसद नड्डा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में मध्यप्रदेश ने एक लंबी छलांग लगाई है और समाज में अपनी हिस्सेदारी निभाई है। महिला शक्ति मप्र में सशक्तीकरण एवं मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। प्रदेश में महिला सशक्तिकरण का जो कार्य हुआ है। वह अद्भुत है महिलाएं एक सशक्त दृष्टि एवं दिशा देने में सक्षम हैं। कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने सीएम चौहान एवं नड्डा को राजमाता विजयाराजे सिंधिया का फोटो चित्र भेंट किया। मुख्यमंत्री एवं राज्य सभा सासंद नड्डा को विधायक देवास ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।भाजपा प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, कृषि मंत्री कमल पटेल, मंत्री रामखिलावन पटेल, देवास सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल व विधायकों सहित भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, राजेश यादव, मनीष सोलंकी, जुगनू गोस्वामी, संजय दायमा आदि की उपस्थित रही।
फिर शुरू होगी अप्रैल से मुख्यमंत्री कन्यादान के विवाहों की धूम
मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण करीब दो साल से मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत कन्याओं के विवाह नहीं हो पा रहे थे। अब अप्रैल से धूम-धाम से विवाह सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे। कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह सदस्यों की 75 कहानियां का संकलन एवं डीडीयूजीकेवाय में प्रशिक्षण प्राप्त कर रोजगार पाने वाली 75 युवतियों की सफलता की कहानियों के संकलन की पुस्तक का विमोचन किया।
सरकारी कार्यक्रम है या भागवत कथा में बैठे हैं
कार्यक्रम में भजनों व आदिवासी लोकनृत्य का दौर भी चलता रहा। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति के दौरान कई महिलाएं नृत्य करती नजर आईं। कई लोगों में यह भी चर्चा का दौर चला कि कार्यक्रम है या फिर हम भागवत कथा में हैं।
मंच पर निगमायुक्त से हुई बहसबाजी
अतिथियों के आने से पहले मंच पर चढऩे की बात को लेकर एक भाजपा नेता व नगर निगम आयुक्त के बीच बहसबाजी हो गई। बाद में अन्य भाजपा नेता ने समझाइश देकर उक्त नेता को नीचे उतारा और अपने साथ ले गए।
मुख्यमंत्री ने हमें मजदूर से मालिक बनाया
शा रदा स्व सहायता समूह देवास की दुर्गा परमार ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि पहले वे खेतों मे काम करती थी। आमदनी का कोई स्त्रोत नहीं था 2017 में समूह बनाया। मध्य प्रदेश सरकार ने समूह को आगे बढाने में हर सम्भव सहयता दी। मुख्यमंत्री ने मुझे एक मजदूर से मालिक बनाया। दुर्गा के समूह को ही पोषण आहार केंद्र की जिम्मेदारी मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला वित्त विकास निगम को और मजबूती प्रदान करते हुए उसका सुदृढ़ीकरण किया जायेगा। महिला वित्त विकास निगम को मार्केटिंग डेवलपमेंट एजेंसी के रूप में विकसित किया जायेगा। महिलाओं को उद्योग के क्षेत्र में बढ़ावा दिया जाएगा और उनके व्यवसाय के लिए मार्केटिंग एजेंसी को विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री उद्यम शक्ति योजना एवं महिला स्व सहायता उद्यमी योजना की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्दौर एवं भोपाल में महिलाओं के लिए इण्डस्ट्रीयल पार्क स्थापित किया जाएगा।
दूरदर्शन के कर्मचारी की हृदयाघात से मौत
कवरेज करने आए भोपाल दूरदर्शन के कर्मचारी सी. वासुदेवन की हृदयाघात से मौत हो गई। भाजपा नेता शंभू अग्रवाल ने बताया सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी जिला अस्पताल पहुंचे और पीएम के बाद शव को भोपाल पहुंचाने की व्यवस्था की।
महिलाएं बैठी जमीन पर, कुर्सियां कम पड़ी
कार्यक्रम में महिलाओं की इतनी अधिक भीड़ उमड़ी की कुर्सियां कम पड़ गई। ऐसे में बड़ी संख्या में महिलाएं जमीन पर बैठ गईं।
कार्यक्रम लेट, सीएम ने किया संचालन
कार्यक्रम करीब पौने दो घंटे की देरी से ४.२० बजे शुरू हुआ। देरी होने की बात स्वीकारते हुए सीएम चौहान ने संचालन भी स्वयं शुरू करवाया और जल्दी-जल्दी गतिविधियां संचालित करवार्ईं, स्वयं भी बीच-बीच में पहुंचते रहे।
Published on:
09 Mar 2022 06:03 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
