13 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Dewas News: खेलते-खेलते अयनांश के साथ हुई अनहोनी, 3 किमी दूर मिला शव, खत्म हुई तलाश

Child Ayanansh Death: 3 साल के बच्चे अयनांश का शव घटनास्थल से करीब 3 किमी दूर मिला, बुधवार को बच्चों के साथ खेलते-खेलते नाले में बह गया था।
2 min read
Google source verification
dewas ayanansh death

ayanansh body found 3 km away, सर्चिंग करती sdrf टीम व अयनांश की जीवित अवस्था की तस्वीर (Source-Patrika)

Dewas Child Ayanansh Death: मध्यप्रदेश के देवास जिले के सतवास थाना क्षेत्र के मोहाई जागीर गांव में बुधवार को नाले में बहे 3 वर्षीय अयनांश पिता बबलू का शव गुरुवार शाम करीब 3:50 बजे बरामद हुआ। शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर मिला है। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। अयनांश बुधवार को दूसरे बच्चों के साथ खेलते-खेलते नाले पर पहुंच गया था और नाले में बह गया था। अयनांश की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

दूसरे बच्चों के साथ नाले पर गया था

बुधवार को अयनांश अन्य बच्चों के साथ खेलते-खेलते मोहाई-बापचा मार्ग स्थित गारबाड़ी खाली नाले के पास पहुंच गया था। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव बढ़ने से वह उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस-प्रशासन और SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चला। अंधेरा होने के कारण तब रेस्क्यू टीम ने सर्च ऑपरेशन रोक दिया था।

करीब 3 किमी दूर मिला शव

गुरुवार सुबह SDRF ने दोबारा सर्चिंग शुरू की और नाव से घटनास्थल से करीब 5 से 7 किलोमीटर तक नाले में तलाश की। इसके बाद नाले के किनारे पैदल सर्चिंग करते हुए लकड़ियों के सहारे पानी और झाड़ियों में तलाश की गई। पुल के आसपास घनी झाड़ियां और कांटेदार वनस्पति होने के कारण एसडीआरएफ टीम को परेशानी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद जेसीबी की मदद से रास्ता और झाड़ियां साफ कराई गईं। लगातार तलाश के दौरान शाम करीब 3:50 बजे घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर अयनांश का शव पानी में मिला।

मातम का माहौल

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मौके पर सतवास पुलिस, तहसीलदार संजय गर्ग और राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही। शव मिलने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए सतवास के शासकीय अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि अयनांश का घर घटनास्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर है। अयनांश की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम का माहौल है।