
भगवती सराय टूटना शुरू, भक्त निवास सहित अन्य निर्माण होंगे
देवास। शासन की रिडेंसिफिकेशन स्कीम (पुनर्घनत्वीकरण नीति) के तहत शहर में होने वाले नगर निगम के विभिन्न कार्यों की शुरुआत हो गई है। शुरुआत भगवती सराय से की गई है। फिलहाल डेलवपर द्वारा भगवती सराय के पुराने भवन को तोड़ा जा रहा है। इसके बाद यहां भक्त निवास सहित अन्य निर्माण कार्य किए जाएंगे। उल्लेखनीय है कि योजना के तहत 39.34 करोड़ रुपए की लागत से भगवती सराय, इंटर स्टेट बस टर्मिनल, जोनल कार्यालय सहित एमआर रोड निर्माण का कार्य होना है। संबंधित डेलवपर को इसके बदले नगर निगम कार्यालय के पुराने परिसर की जमीन दी गई है।
पुराना भवन भी टूटना शुरू
योजना के तहत कार्य करने की शुरुआत के साथ ही डेवलपर ने नगर निगम के समीप परिसर में बने पुराने को भी तोड़ना शुरू कर दिया है। रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत डेवलपर को पुराने परिसर की 5 हजार वर्ग मीटर जमीन दी गई है। इसका उपयोग संबंधित डेवलपर द्वारा किया जाएगा लेकिन यहां क्या बनेगा यह अभी तय नहीं हुआ है।
बेहतर होगा भगवती सराय का स्वरूप
भगवती सराय का निर्माण बरसों पहले किया गया था। यहां कमरे बने हुए थे जहां माता टेकरी पर बाहर से आने वाले श्रद्धालु रुकते थे। वहीं बाद में एक हिस्से में नगर निगम ने एक कार्यालय भी शुरू कर दिया था। अब योजना के तहत यहां करीब 7.94 करोड़ की लागत से भगवती सराय का कायाकल्प किया जाएगा। यहां 14 कमरे, भक्त निवास, एक मल्टी परपज हॉल, पार्किंग आदि कार्य किया जाएगा। नवीन भवन में 45 कार व 52 दोपहिया वाहनों की पार्किंग हो सकेगी।
इंटरस्टेट बस टर्मिनल का भी जल्द बनेगा
नगर निगम द्वारा भोपाल बायपास पर जेल के समीप इंटरस्टेट बस टर्मिनल का कार्य किया जा रहा है। इसके पहले चरण का कार्य शुरू हो गया है जबकि दूसरे चरण का कार्य रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत किया जाना है। दूसरे चरण में यहां 12.88 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न कार्य किए जाएंगे। यहां से 432 बसों का संचालन हो सकेगा। संबंधित डेलवपर ने दूसरे चरण के कार्य की तैयारी शुरू कर दी है और संभावना है कि कार्य जल्द शुरू हो जाएगा।
ये कार्य भी हैं प्रस्तावित
योजना के तहत 2.27 करोड़ रुपए की लागत से नगर निगम के तीन जोनल कार्यालय का निर्माण होगा। एक एबी रोड पर बैंक ऑफ इंडिया के पास, एक इटावा बस स्टैंड पर खाली पड़ी भूमि पर व एक जवाहर नगर में बनेगा। वहीं 8.06 करोड़ रुपए की लागत से एमआर-1 व एमआर-13 का निर्माण किया जाएगा। एमआर-1 का कार्य जवाहर नगर से बालगढ़ के बीच प्रस्तावित है जबकि एमआर-13 आवास नगर से बायपास के बीच बनेगा।
कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं. रितेष त्रिपाठी ने रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत नगर निगम के कार्यों को लेकर सवाल उठाए हैं। त्रिपाठी ने बताया योजना के तहत सभी कार्य समदडिया बिल्डर्स को दिए गए हैं। वर्तमान में माता टेकरी पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व से स्थित भगवती सराय को तोड़कर नया निर्माण करने की तैयारी की जा रही है जो कि अनुचित है। भगवती सराय देव स्थान प्रबंध समिति की संपत्ति होना चाहिए। रिडेंसिफिकेशन प्रोजेक्ट जानबूझकर देवास शहर की जनता को थोपा गया है।
Published on:
19 Jan 2024 12:48 am
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
