
सिविल लाइंस रोड: अब नहीं बनेगा डिवाइडर, टेंडर निरस्त किया
देवास। सिविल लाइंस रोड पर लंबे समय से प्रस्तावित डिवाइडर बनाने का कार्य आखिकार ठंडे बस्ते में चला ही गया। ठेकेदार द्वारा कार्य शुरू नहीं करने पर नगर निगम ने डिवाइडर का टेंडर निरस्त कर दिया है। हालांकि यहां प्रस्तावित लाइटिंग व फुटपाथ के कार्य अभी निरस्त नहीं हुए हैं। कहा जा रहा है कि अब सिविल लाइंस रोड का यथावत स्थिति में ही रखा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि सिविल लाइंस रोड के चौड़ीकरण का प्रोजेक्ट नगर निगम ने बनाया था। करीब 1.13 करोड़ रुपए की लागत से होने वाला यह काम 2018 में विधानसभा चुनाव से पूर्व शुरू हुआ था। यहां उत्कृष्ट विद्यालय से कलेक्टर बंगले तक रोड चौड़ा किया जाना था। इसके बाद काम तो शुरू हुआ लेकिन बीच में दो बार किन्ही कारणों से काम रुका। जैसे-तैसे काम पूरा कराया गया लेकिन पोल व बिजली लाइन की शिफ्टिंग किए बगैर रोड चौड़ा कर दिया गया। पिछले साल एक साइड की बिजली लाइन शिफ्ट कर दी गई थी। इसके बाद यहां डिवाइडर, सेंट्रल लाइटिंग, फुटपाथ आदि का काम करीब डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से होना था। इसके अगल-अलग टेंडर जारी किए गए थे। डिवाइडर बनाने वाले ठेकेदार द्वारा टेंडर जारी होने के बाद भी कार्य नहीं किया जा रहा था। कई बार नगर निगम द्वारा उसे नोटिस दिया गया लेकिन ठेकेदार द्वारा कार्य नहीं किया गया। अब अंतत: नगर निगम ने डिवाइडर के कार्य का टेंडर निरस्त कर दिया गया है।
भुगतान अटकने से नहीं किया काम
सूत्रों के अनुसार डिवाइडर का कार्य उसी ठेकेदार को दिया गया था जिसने गजरा गियर्स चौराहा से अंबेडकर नगर तक का सीसी रोड बनाया है। सीसी रोड निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं होने से नगर निगम ने उक्त ठेकेदार का कुछ भुगतान रोक दिया था। शुरुआत में ठेकेदार ने सिविल लाइंस रोड पर मशीने से छोटे गड्ढे कर काम शुरू करने की तैयारी की थी लेकिन भुगतान रुकने के बाद उसने यहां कोई कार्य नहीं किया।
पोल भी पूरे नहीं हटे
उधर मार्ग पर दोनों ओर बिजली के पाेल लगे थे। इसमें से एक साइड की बिजली लाइन और कुछ पोल तो हटा दिए गए लेकिन एसपी बंगले के सामने वाले हिस्से से लाइन शिफ्ट नहीं की गई। अभी भी कुछ पोल व डीपी रोड के किनारे ही हैं। इससे हादसे का अंदेशा बना हुआ है।
वर्जन:
-टेंडर होने के बाद भी ठेकेदार द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा था। इस कारण डिवाइडर का टेंडर निरस्त कर दिया गया है।-विशालसिंह चौहान, आयुक्त ननि
Updated on:
11 Feb 2023 06:42 pm
Published on:
11 Feb 2023 06:41 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
