
नगर निगम: पिछले तीन वर्षों में वित्तीय वर्ष 2022-23 में सबसे ज्यादा हुई करों की वसूली,नगर निगम: पिछले तीन वर्षों में वित्तीय वर्ष 2022-23 में सबसे ज्यादा हुई करों की वसूली
देवास। नगर निगम से जुड़े विभिन्न करों की वसूली में पिछले तीन वर्षों में इस बार सबसे ज्यादा वसूली हुई है। आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 में जलकर, संपत्तिकर व यूजर चार्जेस की वसूली 29 करोड़ रुपए से ज्यादा हुई। खासकर संपत्तिकर की वसूली सबसे ज्यादा बढ़ी है। वहीं जलकर की वसूली में कोई ज्यादा फर्क नहीं आया। कुर्की, नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर लगातार सख्ती से बरतने से नगर निगम को वसूली का आंकड़ा बढ़ाने में मदद मिली है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2020-21 में संपत्तिकर, जलकर व यूजर चार्जेस की वसूली 23 करोड़ 27 लाख 60758 रुपए हुई थी। वर्ष 2021-22 में यह आंकड़ा 26 करोड़ 39 लाख 29250 पर पहुंचा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह आंकड़ा बढकर 29 करोड़ 93 लाख 77597 रुपए पर पहुंच गया है। यह आंकड़ा वर्ष 2021-22 से करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए ज्यादा है।
संपत्तिकर: 2.81 करोड़ से ज्यादा हुई वसूली
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ने संपत्तिकर वसूलने पर सबसे ज्यादा जोर दिया। बकायादारों पर कुर्की की कार्रवाई की हुई और उद्योगों पर भी सख्ती की गई। इसका असर यह हुआ कि वित्तीय वर्ष 2021-22 की तुलना में वित्तीय वर्ष 2022-23 में 2 करोड़ 81 लाख रुपए अधिक वसूली हुई। वित्तीय वर्ष 2020-21 में संपत्तिकर की वसूली 16 करोड़ 95 लाख 53952 रुपए हुई थी। इसके बाद 2021-22 में यह आंकड़ा 18 करोड़ 12 लाख 74892 पर पहुंचा। वहीं वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह आंकड़ा बढ़कर 20 करोड़ 93 लाख 88582 रुपए पहुंच गया।
जलकर: 21 लाख रुपए का ही रहा अंतर
शहर में जलकर के बकायादारों पर नगर निगम द्वारा लगातार सख्ती की गई। कई नल कनेक्शन काटे गए। हालांकि वित्तीय वर्ष 2021-22 व 2022-23 में वसूली की आंकड़े में मात्र 21 लाख रुपए ही अंतर रहा। वर्ष 2020-21 में नगर निगम ने 5 करोड़ 48 लाख 40988 रुपए जलकर वसूला था। 2021-22 में यह आंकड़ा 7 करोड़ 22 लाख 33015 रुपए पहुंचा। इसके बाद वित्तीय वर्ष 2022-23 में आंकड़़ा 7 करोड़ 47 लाख 5483 रुपए पर ही पहुंच सका।
यूजर चार्जेस: 48 लाख रुपए अधिक हुई वसूली
यूजर चार्जेस की बात की जाए तो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2021-22 की तुलना में 2022-23 में 48 लाख रुपए ज्यादा राजस्व वसूला है। वित्तीय वर्ष 2020-21 में यूजर चार्जेस की वसूली 83 लाख 65818 रुपए हुई थी। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 1 करोड़ 04 लाख 21343 रुपए वसूली हुई। वहीं वित्तीय वर्ष 2022-23 में यह आंकड़ा बढ़कर 1 करोड़ 52 लाख 83532 रुपए पर पहुंच गया।
इन कारणों से बढ़ा राजस्व
-नेशनल लोक अदालत के दौरान छूट दी गई।
-नगर निगम ने विशेष मौकों पर अतिरिक्त काउंटर शुरू किए।
-कर जमा करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार
-45 वार्डों में लगातार शिविरों का आयोजन
-अंतिम तीन माह में कुर्की व नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई।
-निगम अमले पर भी सख्ती की गई।
-लापरवाही बरतने पर निलंबन, वेतन काटने व रोकने जैसी कार्रवाई हुई।
-अफसरों ने लगातार मॉनीटरिंग की
वर्जन
-लगातार मॉनीटरिंग व निगम अमले की सक्रियता से वसूली का आंकड़ा बढ़ा है। बकाया करों की वसूली के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।-विशालसिंह चौहान, निगमायुक्त
Published on:
10 Apr 2023 12:09 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
