27 जनवरी 2026,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का अंतिम संस्कार, श्रद्धांजलि देने पहुंचे भाजपा के कई नेता

पुत्र दीपक जोशी ने छोटे भाई योगेश जोशी के साथ दी मुखाग्नि

2 min read
Google source verification

देवास

image

Hussain Ali

Nov 25, 2019

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का अंतिम संस्कार, श्रद्धांजलि देने पहुंचे भाजपा के कई नेता

पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का अंतिम संस्कार, श्रद्धांजलि देने पहुंचे भाजपा के कई नेता

देवास. भाजपा के वरिष्ठ नेता, मप्र के पूर्व सीएम कैलाश जोशी का सोमवार को उनके गृह नगर हाटपीपल्या में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ। उनके छोटे बेटे योगेश जोशी ने मुखाग्नि दी। हाटपिपल्या में दोपहर करीब 3 बजे उनके पैतृक निवास पर पार्थिव शरीर पहुंचा। यहां परंपरा का निर्वहन कर पार्थिव देह को दर्शनार्थ रखा गया। यहां पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव सहित अन्य नेताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इसके बाद घर से शवयात्रा निकली।

मार्ग में जगह जगह लोगो ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी। जोशी बाबा अमर रहे के नारे लगाए। सियासत के सन्त के अंतिम दर्शनों के लिए हुजूम उमड़ा। अंत्येष्टि के लिए रविवार रात को ही करीब एक एकड़ शासकीय भूमि शासन ने आवंटित की थी जहां चबूतरा बनाया। यही पर अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंत्येष्टि स्थल पर करीब 4 से 5 हजार लोग जुटे। अंदर गणमान्य जनों को प्रवेश दिया जबकि बेरिकेडिंग के बाहर से आमजनों ने दर्शन किए।

अंत्येष्टि में मप्र कांग्रेस कमेटी और सीएम कमलनाथ के प्रतिनिधि के रूप में कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने उपस्थित होकर शोक जताया और कहा कि कैलाश जोशी जैसी आत्मा युगों में जन्म लेती है। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, नरोत्तम मिश्रा, विधायक जगदीश देवड़ा, चेतन काश्यप, आशीष शर्मा, मनोहर ऊंटवाल सहित भाजपा-कांग्रेस के अनेक नेता उपस्थित थे।

जीवन परिचय

कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई 1929 को हुआ था। सन् 1955 में कैलाश जोशी हाटपीपल्या नगर पालिका के अध्यक्ष चुने गए। सन् 1962 से निरंतर बागली क्षेत्र से विधानसभा के सदस्य रहे। सन् 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना से ही उसके सदस्य बने। आपातकाल के समय एक माह भूमिगत रहने के बाद 28 जुलाई 1975 को विधानसभा के द्वार पर गिरफ्तार होकर 19 माह तक मीसा में नजरबंद रहे। 24 जून 1977 को कैलाश जोशी मध्यप्रदेश के इतिहास में पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री हुए। हालांकि 1978 में अस्वस्थता के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री पद त्याग दिया था।