
नगर निगम: 1 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से बनेगा सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट
देवास। शहर में होने वाले विभिन्न निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाले मलबे का भी अब नगर निगम द्वारा उपयोग किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के तहत 1 करोड़ 80 लाख रुपए की लागत से सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने की तैयारी कर रहा है। 30 टन की क्षमता वाला यह प्लांट ट्रेंचिंग ग्राउंड पर स्थापित होगा। इसके लिए नगर निगम ने टेंडर लगाए हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। प्लांट में शहर से निकलने वाले मलबे को अलग-अलग कर उसका उपयोग पेवर्स ब्लॉक व ईंटे बनाने में किया जा सकेगा।
बड़ी मात्रा में निकलता है मलबा
उल्लेखनीय है कि शहर में विभिन्न निर्माण कार्यों के दौरान मलबा निकलता है। मकान निर्माण के बाद बचा हुआ या पुराने मकान को तोड़ने के बाद निकला मलबा तो लोग बचे देते हैं या यहां वहां पड़ा रहता है। वहीं रोड निर्माण सहित अन्य निर्माण कार्यों के दौरान निकला मलबा यहां-वहां पड़ा रहता है। इसमें धूल-मिट्टी, डामर, गिट्टी, रेत जैसा मलबा रहता है। इसके कारण शहर की स्वच्छता भी प्रभावित होती है और आंधी-तूफान के दौरान मलबे से धूल भी उड़ती है।
ईंटे व ब्लाॅक बनाए जा सकेंगे
नगर निगम द्वारा ट्रेंचिंग ग्राउंड स्थापित किए जाने वाले सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट में क्रशर, ईट व ब्लॉक बनाने की मशीनें सहित अन्य संसाधन लगाए जाएंगे। शहर से ट्रेंचिंग ग्राउंड पहुंचने वाले मलबे को क्रश करने के बाद उसका उपयोग ईंट व पेवर्स ब्लॉक बनाने में किया जाएगा। इनका उपयोग नगर निगम द्वारा होने वाले निर्माण कार्यों में भी किया जा सकेगा। इस तरह के प्लांट शुरू कर मलबे के रियूज के लिए केंद्र सरकार ने भी निर्देश जारी किए हैंं। इससे साफ-सफाई भी रहेगी और प्रदूषण भी नहीं होगा।
बायो सीएनजी प्लांट के लिए टेंडर लगाने की तैयारी
उधर नगर निगम द्वारा शहर में करीब 17.50 करोड़ रुपए की लागत से बायो सीएनजी प्लांट स्थापित करने की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है। नगर निगम अब वित्तीय स्वीकृति मिलने का इंतजार कर रहा है। हालांकि इसके टेंडर लगाने की तैयारी की जा चुकी है। यह प्लांट करीब 100 टन का रहेगा।
Published on:
30 Sept 2023 11:39 pm
बड़ी खबरें
View Allदेवास
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
