30 दिसंबर 2025,

मंगलवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

उज्जैन फोरलेन का काम लगभग पूरा, गरोठ फोरलेन बनने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा देवास

-देवास-उज्जैन के बीच 41.42 किमी हिस्से में फोरलेन का कार्य अंतिम चरण में, उज्जैन-गरोठ के बीच कार्य जारी, बढ़ेगी व्यापारिक गतिविधियां, अन्य हाईवे भी जुड़ेंगे

2 min read
Google source verification
उज्जैन फोरलेन का काम लगभग पूरा, गरोठ फोरलेन बनने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा देवास

उज्जैन फोरलेन का काम लगभग पूरा, गरोठ फोरलेन बनने के बाद दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से जुड़ेगा देवास

देवास. उज्जैन रोड फोरलेन होने के बाद के बाद केंद्र सरकार द्वारा करीब एक लाख करोड़ रुपए की लागत से बनाए जा रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से देवास भी जुड़ जाएगा। देवास से उज्जैन होकर उज्जैन-गरोठ फोरलेन से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस तक जाया जा सकेगा। उज्जैन-गरोठ फोरलेन का कार्य जारी है जबकि देवास-उज्जैन फोरलेन का कार्य अंतिम चरण में हैं। देवास से गरोठ के बीच फोरलेन बनने के बाद देवास से दिल्ली-मुंबई तक आने-जाने के लिए नया रास्ता मिलेगा।2024 के अंत तक इंदौर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से देवास जुड़ जाएगा। इस कनेक्टिविटी के चलते व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। भारी वाहनों कम समय में दिल्ली या मुंबई पहुंच सकेंगे। इससे देवास के उद्योगों सहित अन्य कारोबारियों का माल समय पर पहुंच सकेगा। इसके अलावा जिले से निकले एबी रोड, भोपाल रोड व इंदौर-बैतूल हाइवे भी देवास से होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से जुड़ जाएंगे।

देवास-उज्जैन के बीच 41.42 किमी हिस्से में हुआ काम

उल्लेखनीय है कि करीब 716 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे देवास-उज्जैन फोरलेन का कार्य अंतिम चरण में है। उज्जैन के तपोभूमि क्षेत्र से देवास के बांगर और बांगर से इंदौर रोड पर लोहारपिपल्या तक 41.42 किमी हिस्से में फोरलेन का कार्य लगभग पूरा होने वाला है। जुलाई 2021 में इस प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी और इसी साल इसका काम पूरा होना है। यह रोड बनने के बाद इंदौर रोड के वाहन नए रोड से सीधे उज्जैन रोड पर आ सकेंगे।

उज्जैन-गरोठ के बीच 136 किमी हिस्से में हो रहा कार्य

देवास सहित मालवा को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से जोड़ने के लिए उज्जैन-गरोठ के बीच 136 किमी लंबे हाइवे का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस पर करीब 2906 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसका कार्य पिछले साल हुआ है और 2024 में इसे पूरा करने की समयावधि तय की गई है। अभी इसका कार्य काफी बचा है। नया रास्ता बनने से देवास व आसपास के क्षेत्र के लोगों गराेठ पहुंचने में कम समय लगेगा।

एबी रोड के अलावा मिलेगा विकल्पवर्तमान में मुंबई जाने के लिए एबी रोड ही विकल्प है। वहीं दिल्ली जाने के लिए एबी रोड या कोटा होकर आवागमन होता है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे से जुड़ने के बाद दोनों जगहों के लिए एक ओर विकल्प मिल जाएगा। खास बात यह कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर वाहनों की रफ्तार तय रहेगी और आने-जाने में समय भी कम लगेगा। यह एक्सप्रेस वे मंदसौर, रतलाम और झाबुआ जिलों से होकर निकल रहा हैं। मप्र से निकले हिस्से में जल्द आवागमन शुरू होने की संभावना है।

एक्सपर्ट-व्यू

देवास सहित पूरे क्षेत्र को होगा बहुत बड़ा फायदा

देवास से गराेठ फोरलेन दिल्ली मुंबई इंडस्ट्रीयल काॅरिडोर से लिंक होने से देवास सहित आसपास के पूरे क्षेत्र को बहुत बड़ा फायदा होगा। आज हमारा उद्योगों का पूरा माल रोड से ही जाता है। दिल्ली-मुंंबई एक्सप्रेस वे से लिंक होने से दोनों महानगरों तक जाने में समय की बचत होगी। देवास से ज्यादा से ज्यादा 8 घंटे में दिल्ली या मुंबई जाया जा सकेगा। इससे समय कम लगेगा और कम खर्च में माल समय पर पहुंच सकेगा। वर्तमान में दोनों शहरों तक जाने में बड़े वाहनों को 18 से 20 घंटे लगते हैं। उधर हाइवे बनने से बीच के क्षेत्रों का भी तेजी से विकास होगा। नरवर में औद्योगिक क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। वहां के उद्योगों को भी इन हाइवे का लाभ मिलेगा। -अशोक खंडेलिया, अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ इंडस्ट्रीज, देवास