
सर्चिंग के दौरान पुलिस को मिला टिफिन बम, बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
धमतरी. माओवाद प्रभावित सिहावा विधानसभा क्षेत्र के एकावरी के जंगल में सर्चिंग दल को 2 किलोग्राम का टिफिन बम मिला है। इसे डिफ्यूज कर दिया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।
जिले में 20 नवंबर को मतदान होना है। इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सिहावा विधानसभा क्षेत्र के माओवाद प्रभावित इलाके में अपनी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। शुक्रवार को सीआरपीएफ और पुलिस के जवान सर्चिंग कर वापस लौट रहे थे, इस बीच उन्हें सूचना मिली कि एकावरी के जंगल में एक जगह बम मिला। तत्काल इसकी सूचना आला अधिकारियों को दी गई।
मौके पर पहुंचकर बम निरोधक दस्ते ने इसे डिफ्यूज किया। उल्लेखनीय है कि सिहावा क्षेत्र में सक्रिय सीतानदी दलम, गोबरा दलम और मैनपुर दलम से जुड़े माओवादी संगठनों ने विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की हुई है। खुफिया सूत्रों के अनुसार पुलिस को ऐसी सूचना मिली है कि चुनाव के पहले माओवादी अपने प्रभाव क्षेत्र में हिंसात्मक घटना कर सकते हैं। इसके बाद से ही लगातार सर्चिंग की जा रही है। गौरतलब है कि इस क्षेत्र के 28 मतदान केन्द्र अति संवेदनशील है।
यहां सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार केन्द्र से 45 कंपनियां मंगाई गई है। जिसमें से करीब 30 कंपनियों ने यहां आकर प्रभावित क्षेत्रों में अपना मोर्चा भी सम्हाल लिया है।
Published on:
17 Nov 2018 10:00 pm
