
Pingala raj Murder Case
धमतरी. धमतरी जिले के कृषि विभाग में कार्यरत महिला एडीओ पिंगला राज की हत्या की गुत्थी अभी तक नहीं सुलझ पाई है। पिंगला का विगत 27 अप्रैल को मर्डर हुआ था। पुलिस अभी तक इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा नहीं सकी है, जिसके कारण उसकी कार्यशैली पर ऊंगली उठने लगी है।
उधर युवती के पिता नेहरू राम का कहना है कि इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है। जब तक उसके हत्यारे को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर लेती, हमें चैन नहीं मिलेगा। 'पत्रिका' से बातचीत के दौरान पिंगला के पिता ने इस केस को मदद मिले, ऐसे कुछ राज खोले हैं। पिंगला राज की मौत से उसके पिता काफी मर्माहत हैं।
पिंगला के पिता नेहरू राज ने 'पत्रिका' को बताया कि पिंगला काफी होनहार लड़की थी। परिवार की जिम्मेदारियों को बखूबी निभाती थी। दो छोटे भाई और बहनों की शिक्षा से लेकर अन्य जरूरतों का खर्च स्वयं वहन करती थी। उसकी मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। उन्होंने आगे बताया कि पिंगला कुरूद के एक लड़के से काफी परेशान थी। वह अक्सर उस पर शादी करने के लिए दबाव डालता था, जबकि वह उसे छोटा भाई समझती थी। जब उसकी मनमानी ज्यादा बढ़ गई तो कुरूद पुलिस में शिकायत भी दर्ज की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से उसका हौसला और बढ़ गया। पिंगला राज के सहकर्मी के बारे में नेहरू का कहना था कि वह शादी करना चाहता था। हमारा परिवार भी तैयार था, लेकिन उसके माता-पिता तैयार नहीं थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने अभी तक हमारा बयान नहीं लिया है।
क्या शादी की थी तैयारी ?
पिंगला राज ने पिछले दिनों करीब 17 लाख रुपए की लागत से रायपुर में एक प्लाट और अक्षय तृतीया के अवसर पर करीब डेढ़ लाख रुपए का मंगल सूत्र और अंगूठी खरीदी थी। क्या वह शादी करने की तैयारी कर रही थी? सूत्रों का कहना है कि सहकर्मी ने उसके एकाउंट में करीब डेढ़ लाख रुपए डाला था। इससे लगता है कि दोनों शादी करने के मुड में थे। अब सवाल यह उठता है कि क्या इनके प्रागढ़ होते संबंध किसी तीसरे व्यक्ति को पसंद नहीं था या विवाद के चलते उसके किसी घनिष्ठ से यह कृत्य हो गया? बहरहाल, पुलिस तफ्तीश में जुटी हुई है।
अनसुलझी पहेली
पिंगला हत्याकांड पुलिस के लिए एक अनसुलझी पहेली बन गया है। एसपी मनीष शर्मा के निर्देश पर अर्जुनी पुलिस और क्राइम स्क्वाड की अलग-अलग टीमें मामले की तफ्तीश कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार कुछ संदेही लोगों से पूछताछ भी की गई है, लेकिन पुलिस को कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा। एडीशनल एसपी अशोक पिपरे ने बताया कि पुलिस सही दिशा में जांच में जुटी हुई है। आवश्यक प्रमाण मिलते ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जांच के बिन्दु
एसपी श्री शर्मा ने पिंगला हत्याकांड की जांच के लिए जो टीमें बनाई है, वह अलग-अगल बिन्दुओं पर जांच कर रही हैं। पिंगला की जीवनशैली क्या थी? उसके संबंध किन-किन लोगों के साथ थे? सबसे ज्यादा घनिष्ठता किससे थी। घटना के समय चौकीदार क्या कर रहा था? जिस दिन यह हत्या हुई, उस दिन शहर के कुछ कुख्यात अपराधी कहां थे? परिजनों-रिश्तेदारों के साथ उसके संबंध कैसे थे? विभाग में किसी के साथ विवाद था या नहीं? मोबाइल में किन-किन लोगों से बातचीत होती थी। लैपटाप और पेन ड्राइव में क्या-क्या सेव है? व्यक्तिगत चल-अचल संपत्ति कितनी है, आदि। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पिंगला राज के व्यक्तित्व के सभी पहलुओं पर गौर करने के बाद पुलिस निष्कर्ष में पहुंची हैं कि स्वतंत्र विचार रखने के कारण उसके संबंध कुछ प्रभावशाली लोगों से भी थे।
Published on:
05 May 2015 03:18 pm
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
