
मछली कारोबारी की बेरहमी से हत्या (Photo Patrika)
Dhamtari Murder News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई। गोरेगांव मार्ग पर घात लगाकर बैठे बदमाशों ने एक मछली कारोबारी पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। हमलावरों ने वारदात के दौरान मृतक के साथी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गरियाबंद जिले के बोईरगांव (दर्री पारा) निवासी विपलभ मंडल (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले थे और लंबे समय से इस क्षेत्र में मछली का कारोबार कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात वह अपनी दुकान बंद कर साथी चुम्मन यादव के साथ घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों गोरेगांव सड़क के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने बिना किसी बातचीत के विपलभ मंडल पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। सबसे पहले उनके सिर पर वार किया गया, जिसके बाद शरीर के विभिन्न हिस्सों पर लगातार चाकू से हमला किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक के शरीर पर 40 से अधिक चाकू के वार किए गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी हालत गंभीर हो गई।
इस दौरान जब साथी चुम्मन यादव ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। आंखों में तेज जलन होने के कारण वह खुद को बचाते हुए किसी तरह वहां से भाग निकला और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल विपलभ मंडल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए साइबर सेल तथा एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीमों को जांच में लगाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Published on:
29 Jun 2026 08:24 am
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
