
सुशासन तिहार में मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगात (Photo Patrika)
Susashan Tihar: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रविवार को धमतरी में सुशासन तिहार के कार्यक्रम 465 करोड़ रुपए की लागत के 102 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 423 करोड़ 52 लाख 56 हजार रुपए लागत के 52 कार्यों का भूमिपूजन और 41 करोड़ 50 लाख 48 हजार रुपए से अधिक लागत के 50 कार्यों का लोकार्पण किया। इन विकास कार्यों के माध्यम से जिले में सड़क, पेयजल, नगरीय अधोसंरचना और जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस दौरान सीएम ने सभी से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जनसहभागिता का आह्वान किया। इस दौरान सीएम ने भाटगांव की हितग्राही कुमारी यादव एवं लता साहू को पीएम आवास की चाबी भी सौंपी।
सीएम ने कहा, प्रदेश सरकार सुशासन, संवेदनशील प्रशासन और त्वरित समाधान की कार्यसंस्कृति के साथ आगे बढ़ रही है। इसके लिए 1 मई से 10 जून तक सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव में क्लस्टरवार शिविर लगाकर आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किया जा रहा है। राजस्व प्रकरणों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया गया है, जिससे हजारों लोगों को राहत मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक पारदर्शिता और डिजिटल गवर्नेंस को सरकार की प्राथमिकता है।इसके लिए शीघ्र ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू होगी। इससे नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और समय-सीमा में उनका निराकरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर संभाग में सुशासन तिहार के साथ बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार 2.0 अभियान भी संचालित किए जा रहे हैं, जिनसे दूरस्थ क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं तथा जरूरतमंदों के उपचार की व्यवस्था कर रही हैं।
Published on:
18 May 2026 09:54 am
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
