
11 मृतकों का अंतिम संस्कार
Chhattisgarh news: धमतरी जिले से एक ऐसी घटना सामने आई हैं जिसे सुन आपके होश उड़ जाएंगे। धमतरी की इतिहास में यह सबसे बड़ी घटना हैं। जिले के मुख्यालय से लगा ग्राम सोरम की यह घटना हैं। वहां के निवासी धर्मराज साहू (55) अपने और भाई स्व. अर्जुन सिंह के परिवार के 10 लोगों को लेकर मरकाटोला में अपनी मौसी के घर शादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुधवार की रात करीब 9 बजे निकला। उनके सभी के चेहरे दमक रहे थे। शादी में जल्द से जल्द पहुंचकर वे खुशियां बांटना चाहते थे। जाते समय धर्मराज साहू ने अपनी बुजुर्ग मां सुरूज बाई का चरण स्पर्श कर कहा कि हम जल्द ही लौट आएंगे। मां ने भी उन्हें आशीर्वाद देकर विदा कर दिया। इस बीच रात करीब 11 बजे जब ग्राम सोरम में यह खबर पहुंची कि धर्मराज साहू समेत उसके परिवार के लोग एक सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए हैं, तो हड़कंप मच गया।
ऐसी हुई घटना
पुलिस के अनुसार धर्मराज साहू बेलोरो क्रमांक सीजी 04 एनपी-4325 में अपने परिवार के साथ रात करीब 10 बजे अभिशप्त ग्राम जगतरा के पास पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से गिट्टी लेकर आ रही तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 21 एफ-9200 से उसकी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना इतनी जबर्दस्त थी कि बेलोरो में सवार सभी 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में धर्मराज साहू (55) पिता मनबोध साहू, उसकी पत्नी उषा बाई (52), पुत्र केशव साहू (34), उसकी पत्नी टोमीन साहू (37), बहू संध्या साहू (24) पति राहुल, नाती योगान्त साहू (3) पिता राहुल, ईशांत साहू (डेढ़ साल) पिता राहुल तथा धर्मराज के छोटे भाई बहू लक्ष्मी साहू (45) पति स्व. अर्जुन, पुत्र शैलेन्द्र साहू (22), पुत्री रमा साहू (20) तथा ड्राइवर डोमेश ध्रुव (19) पिता विदेशीराम शामिल है।
11 मृतकों का अंतिम संस्कार
दोपहर 2 बजे गांव के मुक्तिधाम में सैंकड़ों ग्रामीणों की उपस्थिति में सभी 11 मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। इसके लिए 5 चिता सजाया गया था। पहले चिता में केशव और उसकी पत्नी, दूसरे में संध्या साहू और दोनों बच्चों को, तीसरे में लक्ष्मी बाई और उसके बेटे-बेटी, चौथे में धर्मराज और उसकी पत्नी को एक साथ जलाया गया। पांचवें चिता में ड्राइवर डोमेश ध्रुव की अंत्येष्टि हुई। लोगों ने नम आंखों से सभी को अंतिम विदाई दी।
15 सदस्यीय परिवार उजड़ गया
बता दें कि गांव में बुजुर्ग महिला सुरूज बाई साहू (70) पति स्व. मनबोध राम के दो बेटे धर्मराज और अर्जुन साहू थे। अर्जुन की मौत पहले ही हो चुकी थी। गांव के ह्रदय स्थल रंगमंच चौक के मुख्य मार्ग में ही उनका घर हैं, जहां करीब 15 सदस्यीय भरा पूरा परिवार रहता था। कुछ दिन पहले ही धर्मराज के पुत्र अतुल अपनी पत्नी और एक बच्चे के साथ गरियाबंद में रहने के लिए चला गया था। इस तरह 15 सदस्यीय परिवार में सड़क हादसे में 10 लोगों को मौत की नींद सुला दिया। दुर्घटना में स्व. अर्जुन साहू के सभी लोग खत्म हो गए। परिवार में अब बुजुर्ग महिला सुरूज बाई और उसके दोनों नाती राहुल, अतुल तथा अतुल की पत्नी और बच्चे ही रह गए है।
शरीर से धड़ अलग
उल्लेखनीय है कि यह दुर्घटना इतना वीभत्स थी कि एक व्यक्ति का सिर धड़ से अलग होकर दूर फेंका गया। वाहन के परखच्चे उड़ गए, जिसे जेसीबी की मदद से रास्ता से हटाया गया, तब कहीं जाकर देर रात बस्तर रोड में आवागमन सुचारू हुआ। खबर पाकर रात में ही बालोद जिले के एसपी जितेन्द्र मीणा, एएसपी समेत अनेक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।
बूढ़ी मां की आंखें पथराई
दोपहर करीब एक बजे गुरूर पुलिस की अगुवाई में जैसे ही एम्बुलेंस में मृतकों का शव सोरम पहुंचा, तो लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मां सुरूज बाई का रो-रोककर बुरा हाल था। गांव के हर लोगों की आंखों में आंसू बह रहे थे। श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए रंगमंच भवन में ग्रामीणों की इतनी ज्यादा भीड़ थी कि शवों को वाहन से ही नीचे नहीं उतारा जा सका। गांव में शोक की लहर छा गई।
संवेदना जताने अनेक जनप्रतिनिधि पहुंचे
धमतरी जिले में एक परिवार के एक साथ 10 लोगों की मौत की यह पहली घटना हैं, जिसने जिलेवासियों को झकझोर कर रख दिया है। सुबह मृतकों का शव जैसे ही लाया गया, तो यहां पहुंचे विधायक रंजना साहू, विधायक संगीता सिन्हा, महापौर विजय देवांगन, पूर्व विधायक गुरूमुख सिंह होरा, प्रीतम साहू बालोद, दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष विपिन साहू, दिव्यांगजन सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष मोहन लालवानी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, भाजपा जिलाध्यक्ष शशि पवार, रामू रोहरा, आनंद पवार, राजेश शर्मा समेत अनेक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने संवेदना व्यक्त किया।
Updated on:
05 May 2023 01:54 pm
Published on:
05 May 2023 01:51 pm
बड़ी खबरें
View Allधमतरी
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
