
wedding procession in helicopter: मध्य प्रदेश के धार जिले के तिरला विकासखंड के ग्राम भूतीबावड़ी में 18 अप्रैल को एक ऐतिहासिक और अनोखा विवाह समारोह आयोजित होने जा रहा है, जिसे लेकर न सिर्फ गांव में बल्कि जिलेभर में चर्चाओं का दौर जारी है। आदिवासी बाहुल्य इस गांव की आबादी लगभग डेढ़ हजार है और यहां पहली बार ऐसा दृश्य देखने को मिलेगा जब एक किसान का बेटा दूल्हा बनकर हेलीकॉप्टर से अपनी दुल्हन को लेने जाएगा।
पूर्व सरपंच रामसिंह खराड़ी ने अपने बेटे राहुल (24) की शादी को खास और यादगार बनाने के लिए एक अनूठा फैसला लिया है। उन्होंने अपने बेटे की बारात को हेलीकॉप्टर से ले जाने का सपना देखा था, जिसे अब पूरा करने का समय आ गया है। इसके लिए परिवार ने दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी से हेलीकॉप्टर बुक कराया है, जिसकी कीमत 7 लाख रुपए है। परिवार ने पहले ही 5 लाख रुपए एडवांस के रूप में जमा कर दिए हैं। हेलीकॉप्टर 18 अप्रैल को सुबह 10 बजे भूतीबावड़ी गांव पहुंचेगा और राहुल उसमें सवार होकर सरदारपुर के पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया की बेटी को ब्याहने जाएगा।
हेलीकॉप्टर की लैंडिंग और टेकऑफ को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए परिवार ने भूतीबावड़ी और भीलखेड़ी में दो जगहों पर हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव रखा है। इसके लिए धार जिला प्रशासन से अनुमति मांगी गई है। धार के एडीएम अश्विन कुमार रावत ने जानकारी दी कि परिवार की ओर से हेलीकॉप्टर के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। साथ ही प्राइवेट कंपनी से भी कॉल आया था। प्रशासन ने आवश्यक जानकारियां मांगी हैं और वह उपलब्ध होते ही अनुमति दे दी जाएगी।
बारात के लिए सिर्फ दूल्हा हेलीकॉप्टर में यात्रा करेगा, जबकि अन्य बाराती पारंपरिक वाहनों जैसे कार और ट्रैक्टर से विवाह स्थल तक पहुंचेंगे। यह हवाई यात्रा लगभग 50 किलोमीटर की होगी और शाम 4 बजे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से वापसी करेंगे। इस पूरी योजना को लेकर गांव में खासा उत्साह देखा जा रहा है। लोग तैयारी में जुटे हैं और हर कोई इस यादगार पल का साक्षी बनने के लिए उत्साहित है।
दूल्हे के पिता रामसिंह खराड़ी ने भावुक होते हुए बताया कि उनके पिता धनसिंह खराड़ी का सपना था कि वह अपने पोते की बारात हेलीकॉप्टर से ले जाएं। हालांकि अब वह इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके इस अधूरे सपने को पूरा करने की जिम्मेदारी परिवार ने खुद पर ली है। रामसिंह ने बताया कि वे खुद अनपढ़ हैं, लेकिन बेटों को पढ़ाया-लिखाया। राहुल कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुका है और अब कंप्यूटर सीख रहा है। ऐसे में यह शादी सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि एक पीढ़ी के सपने और मेहनत की परिणति है।
गांव में शादी की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। शादी में बैंडबाजा, डीजे, पारंपरिक नृत्य और अब हेलीकॉप्टर सब कुछ शामिल है। ग्रामीणों के लिए यह सिर्फ एक शादी नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक पल बन चुका है। इस आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल है। लोग घरों को सजा रहे हैं, महिलाएं पारंपरिक गीतों की तैयारी में हैं और बच्चे हेलीकॉप्टर देखने के लिए खासे उत्साहित हैं।
Updated on:
7 Oct 2025, 2:06 PM IST
Published on:
17 Apr 2025, 12:09 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.