
अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करते तीन अंतरराज्यीय तस्करों को पुलिस ने पकड़ा
मनावर. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पुलिस द्वारा ऑपरेशन प्रहार के तहत मनावर पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया। इनमें दो आरोपी महाराष्ट्र के हैं, जो सिंघाना में एक सिकलीगर के पास हथियार खरीदने आए थे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।
एसडीओपी अंकित सोनी ने बताया कि एटीएस से मिली सूचना पर मनावर पुलिस ने सिंघाना के अवैध हथियार तस्कर पवन पिता गुलजार सिंह सिकलीगर से महाराष्ट्र से हथियार खरीदने आए दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है, जिनके नाम अक्षय पिता शामराव आठवले निवासी बीड़ तथा सचिन पिता बबन बंजारा निवासी गेरवाई बीड़ बताए गए। ये दोनों पवन से अवैध हथियार खरीदने आए थे। तीनों आरोपियों पर अवैध हथियार के कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों के कब्जे से 6 देशी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल, 38 हजार रुपए नकद के अलावा एक बाइक भी बरामद की है जिसकी कुल कीमत 2 लाख 73 हजार रुपए आंकी गई है।
-पवन सिकलीगर पर 17 प्रकरण दर्ज
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पवन सिकलीगर हथियार तस्करी का बड़ा सौदागर है। उसके विरुद्ध देश के अल-अलग प्रांतों में कुल 17 अवैध हथियार के प्रकरण दर्ज है, जबकि महाराष्ट्र के आरोपी अक्षय पर भी हत्या, हत्या के प्रयास लूट आदि के दर्जनों प्रकरण दर्ज है। तीनों आरोपियों को पकडऩे में मनावर टीआई कमलेश सिंगार, गंधवानी टीआई कैलाश बारिया, एसआई राहुल चौहान, गोवर्धन मकवाना, निर्मला रावत, अनिता डोडवे, अश्विन चौहान, एएसआई राजेश हाडा , आशुतोष जोशी, साईबर प्रभारी भेरूसिंह देवड़ा, आरक्षक राघवेंद्रए लखन, नाहरसिंह आदि योगदान रहा।
Updated on:
12 Apr 2024, 1:00 AM IST
Published on:
12 Apr 2024, 1:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.