
हारे हुए प्रत्याशी और समर्थकों ने मतदान दल पर बरसाए पत्थर, पुलिस वेन पर फायरिंग, कई गाड़ियां तोड़ी
धार. मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में दूसरे चरण के मतदान में घमासान मचा हुआ है। कहीं मतदान शांतिपूर्ण रहा तो कहीं तनाव के हालत बन गए। इसी बीच सूबे के धार जिले के अंतर्गत आने वाले गंधवानी में दिनभर तो मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चलकर संपन्न हुआ, इसी बीच अवल्दा मान में थोड़ी सी घटनाएं सामने आईं, जिसपर पुलिस और प्रशासन द्वारा काबू पा लिया गया। लेकिन, शाम को ग्राम काबरवा में देर शाम तनाव हो गया।
बताया जा रहा है कि, इस दौरान मतदान दल के भपर पत्थरबाजी की गई, जिसमें कई कर्मचारी घायल हुए हैं। वहीं, दूसरी तरफ मतदान केंद्र के बाहर खड़ी पुलिस की मोबाइल वेन पर तूफान गाड़ी से आए हमलावरों ने फायरिंग की है। गनीमत रही कि, इस दौरान पुलिस वेन में कोई मौजूद नहीं था, वरना जनहानि होने की संभावनाएं अधिक थीं। हालांकि, फायरिंग के कारण पुलिस वाहन के शीशे टूट गए।
ग्राम गरवाल में मतदान दल निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करके लौट रहा था। इसी बीच एक पक्ष जीत का जश्न मनाने लगा। इस दौरान हारा हुआ प्रत्याशी और उसके समर्थक विरोध में उतर आए। देखते ही देखते हारने वाले प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने मतदान दल पर हमला कर दिया। इस दौरान जमकर पत्थर भी चलाएं गए। पत्थरबाजी से कई मतदान दल के कर्मचारियों समेत मौके पर मौजूद कई लोगों को चोटें आई हैं। पत्थरबाजी से इलाके में भगदड़ मच गई। मौके पर तैनात पुलिस ने स्थितियों को नियंत्रण में लेते हुए घटना में घायल हुए लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंधवानी भेज दिया।
उपद्रवि चिन्हित
घटना के बाद तुरंत ही मतदान केंद्र पर भारी पुलिस बल के साथ कलेक्टर और एसपी भी पहुंच गए और दोषियों पर सख्त एक्शन लेने के निर्देश दिए। फिलहाल, पुलिस का कहना है कि, घटनाक्रम में शामिल लोगों को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा।
इनका कहना है
मामले को लेकर बिलवाल एसडीओपी दिलीप सिंह का कहना है कि, ग्राम गरवाल में मतदान कार्य संपन्न कराकर लौट रहे मतदान दल पर हारे हुए प्रत्याशी की ओर से हमला किया गया है, जिसमें कुछ गाड़ियों में टूट-फूट हुई है और कुछ लोग घायल भी हुए हैं। मामले में शामिल लोगों की पहचान कर ली गई है। एफआईआर की कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
2 Jul 2022, 12:54 PM IST
Published on:
2 Jul 2022, 12:54 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.