7 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

MP में तहसीलदार और पुलिसकर्मियों पर हमला, विधायक के इशारे पर अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे; ग्रामीणों ने पथराव किया

MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले में ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला कर दिया।

2 min read
Google source verification

धार

image

Himanshu Singh

Mar 07, 2026

dhar news

फोटो सोर्स- पत्रिका

MP News: मध्य प्रदेश के धार जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां धामनोद क्षेत्र के ग्राम सिरसोदिया में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद छिड़ गया। यहां शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा पथराव करने से धामनोद टीआई प्रवीण ठाकरे सहित कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि, तहसीलदार को किसी प्रकार की चोट नहीं आई है। मगर उनके और पुलिस के वाहन के कांच फूट गए हैं।

हालांकि, अभी इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई। दरअसल, यह पूरा विवाद धरमपुरी से भाजपा विधायक कालूसिंह ठाकुर और गांव के कुछ लोगों के बीच चल रहा है। जिसमें दोनों पक्षों द्वारा पहले एक-दूसरे के खिलाफ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी की शिकायत पुलिस से की थी।

विधायक के दवाब में कार्रवाई करने पहुंचे थे अधिकारी

आरोप है कि शनिवार को विधायक के दबाव में प्रशासनिक अमला अतिक्रमण हटाने पहुंचा था। इस बात की जानकारी लगते ही ग्रामीण उग्र हो गए और पथराव कर दिया। जिसके चलते पुलिस वाहनों के शीशे भी टूट गए। वहीं पुलिस अधिकारी सहित कुछ जवानों को चोटें आई है। घटना के बाद मौके पर मनावर एसडीएम सहित भारी संख्या में पुलिस फोर्स भी बुलाया गया है।

एबी रोड जाम

घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित होकर आगरा-मुंबई नेशनल हाइवे पर पहुंच गए। यहां कुछ देर के लिए चक्काजाम कर दिया। बाद में पुलिस ने मशक्कत कर मार्ग को खुलवाया है। बता दें कि सिरसोदिया गांव कारम नदी के पास है। जहां से नेशनल हाइवे की दूरी महज 200 मीटर है।