
गणेश विसर्जन को निकले चल समारोह पर पथराव के बाद तनाव, 8 पुलिसकर्मियों समेत कई घायल
मध्य प्रदेश के धार जिले के अंतर्गत आने वाले कुक्षी में गुरुवार देर राक को अनंत चतुर्दशी पर्व के दौरान गणेश विसर्जन झांकियां के चल समारोह पर अचानक बड़पुरा इलाके में पथराव हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि, इस पथराव में 8 पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए कुक्षी के स्वास्थ केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से दो गंभीर घायलों को बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की जानकारी लगते भारी पुलिसबल के साथ साथ धार कलेक्टर और प्रशासनिक अमले की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। बताया जा रहा है कि, ये घटना रात करीब एक बजे के आसपास की है। हालांकि, हालात काबू लेने के बाद से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शुक्रवार की सुबह भी इलाके के साथ साथ शहरभर में हालात सामान्य हैं। सुरक्षा के मद्देनजर शहरभर में पुलिस बल तैनात किया गया है।
असामाजिक तत्वों ने किया पथराव
मिली जानकारी के अनुसार, कुक्षी में गुरुवार शाम से ही गणेश विसर्जन के लिए झांकियां निकाली जा रही थीं। झाकियों का चल समारोह शहर के बड़पुरा इलाके से निकल रहा था। इसी दौरान यहां मौजूद असामाजिक तत्वों ने रात करीब 1 बजे चल समारोह पर पथराव शुरु कर दिया। अचानक हुए पथराव से चल समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। लोगों का कहना है कि, मौके पर तैनात क्षेत्रीय पुलिस ने शांति बनाए रखने का आह्वान किया भी, जिसपर उपद्रवियों ने उनकी न सुनी और पथराव में कई लोग घायल हुए हैं।
8 पुलिसकर्मियों समेत कुछ लोग घायल
चल समारोह पर हुए पथराव में 8 पुलिसकर्मियों समेत झांकियों में शामिल कुछ लोग घायल हुए हैं। वहीं, घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। बताया जा रहा है कि, चल समारोह में शामिल भीड़ ने भी इस दौरान वाहनों समेत कई चीजों में तोड़फोड़ की है। पथराव के बाद बड़ी संख्या में पहुंचे पुलिस बल ने बल का इस्तेमाल करते हुए भीड़ को नियंत्र में लिया। इसके बाद इलाके में भारी पुलिसबल तैनात किया गया।
एसपी भी पहुंचे मौके पर
इधर घटना की जानकारी लगते ही तत्काल पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह भी भारी पुलिसबल के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि, घटना में जो भी दोषी पाया जाएा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जिले वासियों से अपील की है कि, सभी शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें और किसी भी तरह की भड़काऊ बयानबाजी से दूरी बनाकर रखें।
कार्रवाई की मांग
इधर, घटना के बाद भाजपा की पूर्व मंत्री रंजना बघेल और भाजपा से क्षेत्रीय प्रत्याशी जयदीप सिंह पटेल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, रात में घटे इस पूरे घटनाक्रम को षड्यंत्र बताया है।
Published on:
29 Sept 2023 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allधार
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
