- जिला शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण में निजी स्कूल संचालकों की मनमर्जी आई सामने
- मान्यता आठवीं तक और स्कूलों का संचालन किया जा रहा दसवीं तक
धौलपुर. जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खो देवी शनिवार को निजी स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंची। जहां विद्यालय संचालकों की मनमर्जी और गड़बड़झाला के साथ अटेचमेंट का खेल सामने आया। जिसके बाद संचालकों को नियमानुसार स्कूलों का संचालन करने के चेतावनी देते हुए उन्हें नोटिस जारी करेगा।
निजी विद्यालयों की मनमर्जी किसी से छिपी नहीं है। जहां कई स्कूलों का संचालन बिना मान्यता के किया जा रहा है तो एक ही मान्यता पर दो-दो स्कूलों का संचालन हो रहा है। तो कई स्कूलों की मान्यता ८वीं तक है लेकिन कक्षाएं १०वीं और १२वीं तक की लग रही हैं। बच्चों और अभिभावकों को भ्रामक प्रचार के माध्यम से एडमिशन ले रहे हैं। शनिवार को जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुक्खो देवी ऐसे निजी स्कूलों का निरीक्षण करने पहुंची। जहां सभी विद्यालयों का संचालन नियम विरुद्ध किया जा रहा था। जिनके खिलाफ शिक्षा विभाग सख्त कार्रवाई के मूड में नजर आ रहा है। विभाग नियमविरुद्ध संचालित विद्यालयों को नोटिस जारी करेगा जिसके बाद भी विद्यालयों का ढांचा नहीं बदला तो उनकी मान्यता के लिए सिफारिश की जाएगी।
यहां पर मिला गड़बड़झाला, मान्यता 8 वीं और चला रहे 10वीं
जिला शिक्षा अधिकारी की अगुआई में टीम मां शारदे कॉन्वेंट स्कूल पहुंची। विद्यालय की मान्यता कक्षा 1 से 8वीं तक अंग्रेजी माध्यम में ली है, लेकिन विद्यालय अपने पम्पलेट में अंग्रेजी माध्यम का कक्षा 1 से 10वीं तक प्रचार कर रहा है साथ ही निरीक्षण के दौरान विद्यालय के पास पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं मिली, विद्यालय में 3 हीं कक्षाएं संचालित मिलीं। साथ ही मान्यता के कागजात भी संचालक दिखाने में असमर्थ रहा। इसी तरह राजेश्वरी पब्लिक स्कूल ने कक्षा 1 से 8वीं तक की मान्यता ली है जबकि 10वीं तक चलाया जा रहा है। स्थान परिवर्तन की मान्यता लिए बिना बार-बार स्थान परिवर्तन कर विद्यालय संचालन किया जाना पाया गया। वहीं, शिव ज्योति पब्लिक स्कूल विद्यालय का संचालन १ से १०वीं तक किया जा रहा है। विद्यालय का भवन दो भिन्न-भिन्न स्थानों पर हैं। विद्यालय के पास हिन्दी माध्यम की 8वीं एवं अंग्रेजी माध्यम की कक्षा १ से ५वीं तक की मान्यता है लेकिन विद्यालय १०वीं कक्षा तक संचालन करते पाया। इसी तरह सनातन धर्म उच्च माध्यमिक विद्यालय को १२वीं तक की मान्यता प्राप्त है जबकि पम्पलेट पर कक्षा १ से १२वीं हिन्दी माध्यम एवं अंग्रेजी माध्यम लिखवा प्रचार कर रहे हैं। स्थान परिवर्तन भी कर रखा है।
शहर के चार निजी विद्यालयों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सभी विद्यालयों में अनियमितताएं पाई गईं। जिन्हें नोटिस जारी कर विद्यालय का नियम से संचालन कराने को कहा जाएगा।
-सुक्खो देवी, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक
Published on:
06 Jul 2025 06:50 pm