
नहीं कोई कायदा, सवारी देख बीच सडक़ पर रोक देते हैं ऑटो
धौलपुर. शहर में एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट में ऑटो और बैटरी चलित ई-रिक्शा प्रमुख साधन हैं। लेकिन कुछ समय से शहर में ऑटो की संख्या में बड़े स्तर इजाफा हुआ है। हाल ये है कि शहर में विभिन्न मार्गों पर एक साथ दर्जनों ऑटो आगे-पीछे दौड़ते दिख जाएंगे। अब ये ऑटो शहर की यातायात व्यवस्था को बाधित कर रहे हैं। सवारी दिखने पर ये ऑटो चालक बिना किसी को इशारा किए बीच रोड पर ही वाहन रोक देते हैं। इससे कई दफा बाइक सवार इनसे टकरा चुके हैं। वहीं, कुछ लोग चोटिल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं। ऑटो चालकों के यातायात नियमों की परवाह नहीं करने से यह दूसरे वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
सडक़ पर जमघट, पल-पल लग रहा जाम
शहर में संचालित ऑटो का कोई परिवहन विभाग की ओर से कोई रुट निर्धारित नहीं है। इसकी वजह से एक ही मार्ग पर बड़ी संख्या में ऑटो संचालित हैं। शहर में अस्पताल रोड, हरदेव नगर, पुरानी नगर पालिका रोड, जगन चौराहा, स्टेशन रोड, बस स्टैण्ड, धूलकोट, गुलाब से हाउसिंग बोर्ड, जगदीश तिराहे से सैंपऊ रोड और बस स्टैण्ड से जिरौली फाटक होते हुए मनियां और राजाखेड़ा बाइपास की तरफ दिनभर ऑटो संचालित हैं। इनकी संख्या सैकड़ों में है। इससे इन मार्गों पर कई दफा जाम की स्थिति बन जाती है। इसकी वजह गलत तरीके से वाहन खड़े करने और साइड लेन को घेरने से दूसरे वाहन चालकों के लिए निकलने में परेशानी होती है।
सब्जी मण्डी इलाके में भारमार
शहर की सब्जी मण्डी इलाके में इन ऑटो की भरमार रहती है। ऑटो चालक पैसेल रोड से एकीकृत पार्क के आसपास खड़े रहते हैं। इससे दूसरे वाहन चालकों को निकलने में परेशानी आती है। हालत ये है कि बाइक सवार भी निकलने से कतराता है। मण्डी का मार्ग पहले ही अतिक्रमण की चपेट में है और रहा सहा ये ऑटो चालक वाहनों को खड़ा कर जाम की स्थिति बना देते हैं।
वन-वे की नहीं हो रही पालना
शहर में पूर्व में सुचारू यातायात के लिए वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की थी। लेकिन समय के साथ ही इसकी पालना सुस्त होती चली गई। अब ये हाल है कि ऑटो समेत अन्य चौपहिया वाहन इस मार्ग में घुस आते हैं। सामने से आ रहे वाहनों के लिए परेशानी का सबब बन जाते हैं। यहां मण्डी की तरफ से स्टेशन जाते समय वन-वे की व्यवस्था है लेकिन यह कभी-कभी नजर आती है।
- ऑटो चालको को लगातार समझाइश की जा रही है। सब्जी मण्डी में जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कर्मी सतर्क हैं। उन्हें वन-वे में घुसने से रोका जाता है। शहर में इनका रूट निर्धारण नहीं होने से इनकी एक ही मार्ग पर संख्या अधिक होने से परेशानी आती है। इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी जाएगी।
- मंगतूराम, यातायात निरीक्षक, धौलपुर शहर
Published on:
02 Jun 2023 12:58 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
