- स्पेशल टीम और करौली सदर थाना पुलिस की कार्रवाई धौलपुर/करौली. करौली जिला पुलिस की स्पेशल टीम (डीएसटी) व करौली सदर थाना पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर 315 बोर के पांच देशी कट्टा एवं 40 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।
करौली में दबोचा बाड़ी का हथियार तस्कर, 5 देशी कट्टा और 40 कारतूस बरामद
- स्पेशल टीम और करौली सदर थाना पुलिस की कार्रवाई
धौलपुर/करौली. करौली जिला पुलिस की स्पेशल टीम (डीएसटी) व करौली सदर थाना पुलिस ने एक हथियार तस्कर को गिरफ्तार कर 315 बोर के पांच देशी कट्टा एवं 40 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। एसपी नारायण टोंगस ने बताया कि आरोपी धौलपुर जिले के बाड़ी सदर थाना इलाके के कासोटीखेडा गांव निवासी भूपेन्द्र ठाकुर(26) पुत्र महेश परमार है। जिसको डीएसपी दीपक गर्ग के निर्देशन में डीएसटी प्रभारी रविन्द्र सिंह व सदर थाना प्रभारी कृपाल सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने चैनपुर पुलिया के पास नाकाबंदी कर गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे के रखे पांच देशी कट्टा व 40 जिंदा कारतूस और धौलपुर नंबर की बाइक जब्त की गई है।
करता है ऑन डिमांड आपूर्ति
एसपी टोगस ने बताया कि आरोपी भूपेन्द्र देशी कट्टों को बाड़ी निवासी अंकित ठाकुर तथा 40 कारतूसों को बरखेड़ा निवासी मुर्रा उर्फ देवेन्द्र परमार से खरीदकर लाया था। आरोपी भूपेन्द्र ठाकुर अवैध हथियारों की ऑन डिमांड आपूर्ति करता था। ऑर्डर मिलने के बाद वह आधी रकम एडवांस लेता और फिर हथियार व कारतूसों की आपूर्ति ग्राहक के बताए स्थान तक पहुंचाता था। उसके मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश के हथियार तस्करों से जुड़े होने की बात सामने आई है।
सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो अपलोड करने व धमकी देने का मामला
बाड़ी. अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर फोटो अपलोड करने और धमकी देने का मामला कंचनपुर थाने में दर्ज हुआ है। क्षेत्र के बुद्धा का पुरा गांव में २ पक्षों के बीच रास्ते के विवाद को लेकर रंजिश चल रही है। रंजिश को लेकर कुछ दिन पहले दोनों पक्षों के बीच झगड़ा भी हुआ था। कंचनपुर थाने में मामला दर्ज कराते हुए एक पक्ष के भगवानदास (३०) ने बताया कि गांव के दूसरे पक्ष के युवक मनोज, अमित और रामेश्वर ने उनके खेत और घर के रास्ते को बंद कर दिया है। जिसको लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा भी हो चुका है। थाने में दर्ज कराए गए मामले में बताया गया है कि दूसरे पक्ष के तीनों युवक मनोज, अमित और रामेश्वर आए दिन फेसबुक और सोशल मीडिया के माध्यम से अवैध हथियारों के साथ अपने फोटो डाल कर धमकी देते रहते हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से पहले आरोपी धमकी भी देते हैं। पुलिस ने बताया मामले में जांच की जा रही है।