
धौलपुर. विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र देते हुए।
धौलपुर. धौलपुर नगर परिषद के वार्ड नम्बर 53 पर रविवार को हुए उपचुनाव में भाजपा की उम्मीदवार राजाबेटी बघेला 306 से मतों से विजयी रही। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी फिरदौस खां को पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी का पुत्र शहर के कोठी मंडल अध्यक्ष है। हालांकि, नवम्बर माह में नगर परिषद के चुनाव होने से इस दफा अन्य प्रत्याशियों ने रुचि नहीं दिखाई। धौलपुर नगर परिषद का कार्यकाल इस साल नवम्बर से पहले समाप्त हो रहा है। परिषद में कुल 60 वार्ड है। वार्ड नम्बर 53 में पार्षद की मृत्यु होने पर उपचुनाव हुआ है। पहले निर्दलीय पार्षद था।
धौलपुर एसडीएम ने डॉ.साधना शर्मा ने बताया कि नगर परिषद के वार्ड 53 के उप चुनाव के लिए रविवार को तीन पोलिंग बूथों पर मतदान हुआ था। जिसकी सोमवार सुबह 8 बजे गणना शुरू हुई। इसमें भाजपा प्रत्याशी राजाबेटी बघेला को कुल 765 और निर्दलीय प्रत्याशी फिरदौस को 459 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी प्राप्त मतों में से 306 मतों से विजयी रही। मतदान के दौरान 17 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया। वार्ड में कुल मतदान 1241 का हुआ था। बता दें कि उप चुनाव में कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार खड़ा नहीं किया था। वार्ड में एक भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी ने दो पर्चे भरे थे, जिसमें एक वापस ले लिया था, जिस पर आमने-सामने की भिड़़ंत थी। उपचुनाव में विजय से भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है।
कॉल्विन शील्ड सीनियर चैम्पियनशिप में धौलपुर ने बीकानेर को हराया
धौलपुर. राजस्थान क्रिकेट संघ की ओर से आयोजित कॉल्विन शील्ड सीनियर चैम्पियनशिप में धौलपुर ने बीकानेर को 2 विकेट से हराया। टांटिया यूनिवर्सिटी क्रिकेट ग्राउंड श्रीगंगानगर में धौलपुर और बीकानेर के मध्य लीग का पहला मुकाबला खेला गया। जिसमें बीकानेर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। वहीं बीकानेर टीम ने 50 ओवर में 253 रन पर 9 विकेट गवां दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी धौलपुर टीम ने 38.1 ओवर में 8 विकेट खोकर 257 रन बनाकर जीत को हासिल की। धौलपुर की टीम से शानदार प्रदर्शन कर राहुल ने बल्लेबाजी में 61 गेंद में 8 छक्के और 14 चौके की मदद से 118 रन एवं ऋतिक शर्मा ने 41 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया। वहीं गेंदबाजी में धौलपुर से इकराम ने 3 विकेट, ऋतिक शर्मा ने 2 विकेट और तनवीर ओर लक्ष्मीनारायण को 1-१ विकेट मिला। बीकानेर की टीम से जुबैर अली ने 81 रन और गौरव खतरी ने 72 रन बनाए एवं अजय गिघना ने 2 विकेट लिए। मैच का मैन ऑफ द मैच राहुल को दिया गया। कॉल्विन शील्ड सीनियर धौलपुर की जीत पर जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष रोहित बोहरा, कोषाध्यक्ष भूपेंद्र राणा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव, सचिव सुमेन्द्र तिवारी, पूर्व जिला प्रमुख पंडित किशन चंद शर्मा, सुनील राणा, वीरेंद्र जादौन, विनोद पाठक, नरेन्द्र मीना, अतुल भार्गव, जितेंद्र राजोरिया, नरेंद्र तोमर, फिरोज खान, पप्पन तिवारी, अजीत गुप्ता, दिलीप चाहर, संजय शर्मा, भावेन्द्र लाल संतानिया, लोकेन्द्र आदि ने बधाई दी।
पीहर में विवाहिता ने फंदा लगा की खुदकुशी
जिले के कंचनपुर इलाके में शनिवार को विवाहिता ने पीहर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिजन आम के बाग में काम कर रहे थे। वापस लौटे तो महिला फंदे से लटकी मिली। घटना कंचनपुर थाना क्षेत्र के सूरोठी गांव में शनिवार की है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय प्रीति के रूप में हुई है। प्रीति की शादी 4 वर्ष पहले आगरा के बिचपुरी स्थित अंगूठी गांव निवासी शनि पुत्र बंटी कडेरा के साथ हुई थी। शादी के बाद से संतान न होने के कारण ससुराल में पति और अन्य परिजनों से विवाद होने लगा था।
मृतका के पिता महाराज सिंह कडेरा ने बताया कि प्रीति पिछले दो महीने से ससुराल में हो रहे विवाद के कारण उनके साथ रह रही थी। शनिवार को दिन में परिवार के सभी लोग गांव में किराये पर लिए आम के बाग में काम कर रहे थे। घर पर अकेली प्रीति ने कमरे में फंदा लगा खुदकुशी कर ली। बच्चों के घर लौटने पर कमरे का दरवाजा बंद मिला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची कंचनपुर पुलिस ने शव को बाड़ी अस्पताल भेजा। जहां तहसीलदार उत्तमचंद बंसल की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रहे हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
9 Jun 2025, 12:11 PM IST
Published on:
9 Jun 2025, 12:11 PM IST
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़




