
फिर बाहर आया जगन गुर्जर का ‘जिन्न’, अब दी विधायक मलिंगा को जान से मारने की धमकी...देखें वीडियो
धौलपुर/बाड़ी. पिछले महीने ही जमानत पर जेल से छूटा पूर्व दस्यु जगन गुर्जर एक बार फिर चर्चाओं में है। इस बार जगन ने एक वीडियो वायरल किया है जिसमें वह बाड़ी विधायक गिर्राज्सिंह मलिंगा को जान से मारने की धमकी देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में हराने की बात कह रहा है। वीडियो में जगन जिले के पूर्व एसपी केसर सिंह शेखावत और वर्तमान एसपी शिवराज मीणा के बारे में अपशब्द कह रहा है। बता दें, जगन पिछले महीने ही जमानत पर अजमेर जेल से छूट कर आया है। आते ही वह एकबार फिर विवादों में पड़ गया है। जगन को जुलाई 2021 में सोनेकागुर्जा, इब्राहिमपुर व बाड़ी में फायरिंग के बाद बाड़ी सदर थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही वह जेल में था। दिसंबर 2021 में वह जमानत पर छूटा है।
यह बोला जगन
जगन ने वीडियो में विधायक मलिंगा को लेकर अपशब्दों का प्रयोग किया है। उसने कहा कि बाड़ी में बाजार बंद कराने को लेकर उसे झूठा फंसाया जा रहा है। वीडियो में उसने कहा कि विधायक उस पर जबरन रासुका लगवाना चाहते हैं। जगन ने पूर्व विधायक जसवंत गुर्जर को लेकर भी वीडियो में अपशब्द कहे हैं।
‘डीजीपी कर रहे हैं पक्षपात’
विधायक मलिंगा ने जगन की वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए राजस्थान के डीजीपी पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नए डीजीपी और पूर्व विधायक गुर्जर में आपसी साठगांठ है। यही कारण है कि हमारे क्षेत्र से जितनी भी ऐसे डकैत, गुंडा एवं असामाजिक तत्वों की फाइलें विचाराधीन हैं उन्हें अब तक हाथ तक नहीं लगाया गया। डीजीपी कारण बताएं कि वह इस तरह का पक्षपातपूर्ण रवैया को क्यों अपनाए हुए हैं। मीडिया के सवाल पर विधायक मलिंग ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास गृह विभाग है। उनको भी इसका जवाब देना चाहिए।
बाड़ी के लिए जान भी कुर्बान: मलिंगा
वीडियो सामने आने के बाद विधायक मलिंगा ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि कुछ दिन पूर्व जगन बाड़ी के बाजार में आया और गरीब दुकानदारों से मिठाई-सिगरेट बिना पैसों के मांग कर ले गया। जब लोगों ने विरोध किया तो इस ने फायरिंग कर दी, जिससे व्यापारी डर गए और कुछ दिन तक बाजार जल्दी बंद होने लगे। जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो मैंने पुलिस का पहरा बढ़ाया। जिससे लोगों में सुरक्षा के प्रति भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि वे किसी की धमकियों से नहीं डरते हैं। बाड़ी के लिए वे किसी से भी टकराने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो बनाकर धमकाने वालों को वे गंभीरता से नहीं लेते हैं। ऐसे लोग जगह बताएं, मैं वहीं आने को तैयार हूं लेकिन, बाड़ी के लोगों को किसी तरह परेशान नहीं होने दिया जाएगा।
पूर्व विधायक पर लगाए आरोप
मलिंगा ने आरोप लगाया कि लगातार चार बार से बाड़ी से चुनाव हार रहे पूर्व विधायक जसवंत सिंह ऐसे असामाजिक तत्वों को आश्रय देकर बाड़ी में अशांति फैलाना चाहते हैं। यह सारा काम पूर्व विधायक की शह पर किया जा रहा है लेकिन, मैं किसी भी स्थिति में अपने विधानसभा क्षेत्र में गुंडागर्दी नहीं होने दूंगा। मलिंगा ने कहा कि कुछ दिन पूर्व ही पूर्व विधायक गुर्जर ने डकैत केशव एवं जगन गुर्जर के बीच राजीनामा कराया है। इनका बाड़ी में अशांति फैलाने का षड्यंत्र है जो कभी सफल नहीं होने दिया जाएगा।
इनका कहना है
फिलहाल जगन जिले में नहीं है। जगन ने जिले से बाहर से मध्यप्रदेश या उत्तर प्रदेश से वीडियो वायरल किया है। उसकी तलाश में कई टीम बना कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जाा रही है। जल्द ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा।
- शिवराज मीणा, पुलिस अधीक्षक, धौलपुर
यह रहा जगन का सफर
Published on:
22 Jan 2022 08:25 pm
बड़ी खबरें
View Allधौलपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
